जांजगीर-चांपा. हाईटेक ठगी करने वालों का गिरोह अंचल में एक बार फिर सक्रिय हो गया है। गिरोह के सदस्य फर्जी कॉल के माध्यम से लकी ड्रॉ का झांसा देते हुए ग्रामीणों से उनका बैंक अकाउंट नंबर और एटीएम का पासवर्ड पूछकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। लगातार इस तरह के कॉल आने से ग्रामीण चिंतित हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ दिनों पहले किसानों ने अपनी उपज बेची है। फर्जीवाड़ा करने वालों को पता है कि किसानों के खाते में अभी रकम है, इसलिए फर्जी कॉल के माध्यम से हाईटेक ठगी की कोशिश हो रही है। ऐसे कॉल से ग्रामीणों को बचकर रहना होगा। मोबाइल पर लगातार आ रहे कॉल की वजह से जांजगीर सहित आसपास के ग्रामीणों क्षेत्र के कई लोग ठगी का शिकार भी हो चुके हैं, लेकिन खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं।
ग्रामीणों को खाते से रकम कम होने व अज्ञात कॉल वाले नंबर के बंद होने के बाद ठगी का अहसास हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह सायबर क्राइम के अंतर्गत आता है। यह गिरोह देशभर में सक्रिय है। गिरोह के लोग विशेषकर ग्रामीणों को झांसे में लेने टारगेट में रखते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें