सक्ती. दहेज के नाम पर विवाहिता को प्रताडि़त करने वाले पति, सास, ससुर, देवर सहित पांच आरोपियों को सक्ती पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि सक्ती निवासी हेमलता राठौर की शादी ग्राम पोरथा निवासी नरेन्द्र राठौर के साथ हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से दहेज की मांग को लेकर पति नरेन्द्र राठौर, सास, ससुर, देवर और चाचा ससुर विवाहिता को प्रताडि़त कर रहे थे। इसकी शिकायत विवाहिता ने 30 नवंबर 2016 को सक्ती थाने में दर्ज करवाई थी, जिस पर अपराध क्रमांक 381/16 भादवि की धारा 498ए, 34 के तहत अपराध कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया था। थाने में मामला दर्ज होने के बाद से सभी आरोपी फरार थे। सक्ती थाना प्रभारी निरीक्षक केएल यादव के निर्देशन में पुलिस की टीम लगातार आरोपियों की खोजबीन कर रही थी। पुलिस की टीम ने दो मई को आरोपी पति नरेन्द्र पिता शीतल प्रसाद राठौर, ससुर शीतल प्रसाद पिता स्व. धनसाय राठौर, सास अमरीका बाई पति शीतल प्रसाद राठौर, देवर राजेन्द्र पिता शीतल प्रसाद राठौर तथा चाचा ससुर रामकुमार पिता स्व. धनसाय राठौर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें