जांजगीर-चांपा. घर से आभूषण, नगदी रकम और मोबाइल सेट चुराने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। मामला हसौद थाना अंतर्गत ग्राम कैथा का है।
हसौद पुलिस ने बताया कि ग्राम कैथा निवासी रथलाल जांगड़े ने 13 मार्च 2017 की रात घर के पेटी में रखे सोने की माला, चांदी की पायल, नगदी रकम पांच हजार रुपए तथा एक नोकिया मोबाइल सेट अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई थी। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस अज्ञात चोर के विरूद्ध भादवि की धारा 457, 380 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के सुरागरसी के लिए क्राइम ब्रांच को विशेष निर्देश देकर प्रकरण की मानिटरिंग के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा को निर्देशित किया गया था।
क्राइम ब्रांच की टीम एवं हसौद पुलिस को विवेचना के दौरान अवधराम आजाद के वारदात में संलिप्त होने की जानकारी मिली, जिस पर उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने रथलाल के घर से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर सोने की पीपरपत्ती माला, एक जोड़ी चांदी की पायल एवं नोकिया मोबाइल सेट बरामद किया गया। आरोपी अवधराम आजाद को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। इस वारदात की गुत्थी सुलझने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यादव ने क्राइम ब्रांच की टीम एवं हसौद पुलिस को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें