सोमवार, 1 मई 2017

सात माह से फरार जेएलएन कॉलेज का छात्र संघ अध्यक्ष गिरफ्तार, रेलवे स्टेशन सक्ती के पूछताछ केन्द्र में पदस्थ एक क्लर्क से की थी मारपीट

सक्ती. रेलवे स्टेशन सक्ती के पूछताछ केन्द्र में पदस्थ एक क्लर्क से मारपीट करने तथा शासकीय सामानों की तोडफ़ोड़ करने वाले मुख्य आरोपी जवाहर लाल नेहरू उपाधि महाविद्यालय सक्ती के छात्र संघ अध्यक्ष को पुलिस ने सोमवार को ग्राम मसनियाखुर्द से गिरफ्तार किया है। सक्ती पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड के लिए न्यायालय में पेश किया है।

सक्ती थाना प्रभारी निरीक्षक केएल यादव ने बताया कि जवाहर लाल नेहरू उपाधि महाविद्यालय सक्ती के वर्ष 2016-17 के छात्र संघ अध्यक्ष खरसिया थाना अंतर्गत ग्राम बड़े देवागांव निवासी विनय कुमार पटेल ने तीन सितम्बर 2016 को अपने छह-सात साथियों के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन सक्ती के पूछताछ केन्द्र में जबरिया घुसकर क्लर्क के शंकर राव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। इसके बाद काउंटर में रखे एक कम्प्यूटर मॉनीटर तथा तीन प्रिंटर को क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद छात्र संघ अध्यक्ष पटेल अपने साथियों के साथ वहां से फरार हो गया था। 

मामले की रिपोर्ट रेलवे पुलिस थाना रायगढ़ में दर्ज करवाई गई थी, जिस पर रेलवे पुलिस ने छात्र संघ अध्यक्ष पटेल सहित उसके साथियों के विरूद्ध धारा 452, 323, 294, 506, 353, 186, 147, 427 के तहत अपराध दर्ज कर क्षेत्राधिकार सक्ती होने के कारण प्रकरण की डायरी अग्रिम विवेचना के लिए सक्ती थाना भेजा था। सक्ती पुलिस ने डायरी के आधार पर भादवि की धारा 452, 323, 294, 506, 353, 186, 147, 427 के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया और आरोपी विनय कुमार पटेल तथा उसके साथियों की लगातार पतासाजी की। 

मोबाइल लोकेशन से चढ़ा पुलिस के हत्थे

निरीक्षक यादव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में प्रकरण में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। साथ ही इस काम में साइबर सेल की मदद भी ली जा रही थी। मोबाइल के टॉवर लोकेशन के आधार पर एक मई को आरोपी विनय कुमार पटेल पिता कुशल प्रसाद पटेल को सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम मसनियाखुर्द से गिरफ्तार किया जाकर न्यायिक रिमाण्ड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। इस प्रकरण की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक रमेश शर्मा द्वारा की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें