सोमवार, 1 मई 2017

प्रशिक्षु डीएसपी बोलीं-पहले अच्छे से पढ़ाई-लिखाई कर लो बेटा, फिर ट्रैक्टर नहीं, हेलीकाप्टर चलाना

जांजगीर-चांपा. ग्राम अर्जुनी में सोमवार को एक बारह वर्षीय लडक़ा ट्रैक्टर दौड़ा रहा था, जिस पर प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला की नजर पड़ गई। प्रशिक्षु डीएसपी ने ट्रैक्टर को रोककर नाबालिक लडक़े से पूछताछ की, तब पता चला कि ड्राइवर ट्रैक्टर में सवार था और उसने नाबालिग को ट्रैक्टर चलाने के लिए स्टेयरिंग सौंप दी थी। प्रशिक्षु डीएसपी ने मामले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव द्वारा जिले में बढ़ रही सडक़ दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत एक मई को प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला अपने क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थीं। इस दौरान अकलतरा थाना अंतर्गत ग्राम अर्जुनी में 12 वर्षीय एक नाबालिग लडक़ा ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 11, एजे 6128 चलाते हुए दिखा। ट्रैक्टर को रोकर जांच करने पर पता चला कि ट्रैक्टर मालिक ग्राम अर्जुनी निवासी दुकालूराम मधुकर पिता जोहन मधुकर ने उस लडक़े को ट्रैक्टर चलाने के लिए दिया था। पास में बैठे ड्राइवर की जांच करने पर उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला। ऐसे में ट्रैक्टर को मुलमुला थाना ले जाया गया। 

अकलतरा पुलिस को वहां बुलाकर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181, 4/181, 5/180, 130(3)/177 के तहत कार्रवाई की गई। प्रशिक्षु डीएसपी चावला ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती हुई दुर्घटना की संख्या को देखते हुए उनके द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई तथा नाबालिग लडक़े को अच्छे से पढ़ाई-लिखाई करने की समझाइश दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें