जांजगीर-चांपा. पुलिस ने ढाई किलोग्राम गांजा एवं एक बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी बाहर से गांजा लाकर उसे खपाने के फिराक में घूम रहे थे। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है।
सक्ती पुलिस ने बताया कि दो मई को मुखबिर से सूचना मिली कि मालखरौदा थाना अंतर्गत ग्राम करीगांव निवासी अशोक कुमार चंद्रा और जम्मूलाल चंद्रा गांजा की तस्करी करते हैं। दोनों व्यक्ति गांजा की तस्करी करने के लिए अलग-अलग सक्ती की तरफ आ रहे हैं। मामले से अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सक्ती निकोलस खलसो को अवगत करवाया गया। उनसे आदेश प्राप्त कर मुखबिर के बताए ठिकाने पर पहुंचकर आडिल गांव की तरफ से आ रहे हीरो होण्डा सोल्ड बाइक में सवार व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम ग्राम करीगांव निवासी अशोक कुमार चंद्रा बताया। तलाशी लेने पर बाइक की डिक्की से पालीथीन में भरा एक किलो तीन सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त बाइक, एक किलो तीन सौ ग्राम गांजा तथा नगदी रकम 2200 रुपए को जब्त किया।
कुछ देर बाद नवापाराकला के शिव राइसमिल के पास जम्मूलाल चंद्रा को रोककर पूछताछ की गई। इस दौरान उसके पास रखे थैले से एक किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों मामले में पुलिस ने अशोक कुमार चंद्रा पिता शिवकुमार चंद्रा तथा जम्मूलाल चंद्रा पिता स्व. तिहारूराम चंद्रा को गिरफ्तार कर धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट का अपराध कायम करते हुए उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा है। इस कार्रवाई में निरीक्षक केएल यादव, उपनिरीक्षक राजकुमार लहरे, सहायक उपनिरीक्षक बीएन बनाफर, प्रधान आरक्षक दुखीराम कंवर, आरक्षक राजा जयप्रकाश रात्रे, डिलेश्वर साहू, उमेश साहू, विजय निराला, महिला आरक्षक दिव्यायशा गोंड शामिल थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें