जांजगीर-चांपा. प्रदेश का राजा तो खुद सोया रहा और विपक्ष को थप्पी मारकर सुलाता रहा। ऐसे में हमने दोनों को जगाने का काम किया। इस वजह से बदलाव सबके सामने है। छत्तीसगढ़ में सरकार द्वारा नागपुर की विचारधारा को प्रत्यारोपित करने के लिए आउट सोर्सिंग के बहाने शासकीय नौकरियों में स्थान दिया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जोगी पार्टी कदापि बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे विचारधारा को प्रत्यारोपित किए जाने से रोकने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
ये बातें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव वाणीराव ने पार्टी की स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने बताया कि पार्टी तीन प्रमुख मुद्दाओं को लेकर प्रदेश में सरकार के खिलाफ संघर्ष करने के लिए कटिबद्ध है, जिसमें आउट सोर्सिंग के माध्यम से छग के बेरोजगारों का शोषण, किसानों की हित पर कुठाराघात करते हुए समर्थन मूल्य के विषय पर किसानों के साथ धोखाधड़ी किया जाना व महिलाओं के विषय पर उनकी भावना को नजरअंदाज कर सरकार द्वारा स्वयं गांव-गांव में शराब दुकान चलाए जाने का विषय शामिल है। उन्होंने कहा कि एक साल पहले मरवाही के कोटमी में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने हजारों लोगों की उपस्थिति में एक राजनैतिक दल बनाने का ऐलान किया था। इसे एक संकल्प के रूप में पारित कर कोटमी संकल्प का नाम दिया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और उनके मुखिया के भ्रष्टाचार से संतृप्त कुशासन को अंत करने के लिए उन्हीं के गृहक्षेत्र ठाठापुर में 21 जून 2016 को ऐतिहासिक जनसभा कर पार्टी का नामकरण किया गया। इस एक साल में एक सच्चा प्रतिनिधि बनकर जनता के पास गए और जनहित और सरकार विरोधी नीति के खिलाफ आवाज उठाई गई।
उन्होंने कहा कि हमने आउटसोर्सिंग, शराबबंदी, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, पोलावरम, कन्हेर, महानदी महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण, छग की नारी, नौकरी, नदी आदि कई मुद्दों पर बस्तर से सरगुजा तक सरकार के खिलाफ आंदोलन किया। इस एक साल में हनमें जनजागरूकता का अहम काम किया है। उन्होंने कहा कि अजीत जोगी प्रदेश के ढाई करोड़ जनता को शपथ-पत्र स्टाम्प पेपर में देंगे। इसमें जोगी सरकार बनने के बाद सभी वर्ग के लोगों की आशाओं को पूर्ण करने का उल्लेख रहेगा। इसे घर-घर तक पहुंचाने 10 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता मोर्चा संभालेंगे। इस अभियान का प्रारंभ स्वयं जोगी राजनांदगांव विधानसभा जाकर करेंगे। जोगी स्वयं दस घर जाएंगे। देश के इतिहास में ऐसा कदम पहली बार उठाया जा रहा है। प्रेसवार्ता में पार्टी के जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, शंकर सिंघानिया, पार्टी के जिला प्रभारी देवकुमार कनेरी, गिरधारी यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें