जांजगीर-चांपा. जिला मुख्यालय जांजगीर के केरा रोड निवासी एक युवक ने अपने फेसबुक प्रोफाइल में मैसेज पोस्ट करने के कुछ समय बाद प्रेमिका के साथ ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। घटना जांजगीर के खोखसा फाटक के पास की है। प्रेमी जोड़े की खुदकुशी से दोनों के परिजन गहरे सदमे में हैं।
जानकारी के अनुसार, केरा रोड जांजगीर निवासी मनीष बजाज और शहर की ही अंजली गुप्ता नामक युवती के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थी। गुरूवार की सुबह इस प्रेमी जोड़े ने खोखसा फाटक के पास ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि मरने से पहले युवक ने अपने फेसबुक पर अखिरी स्टेटस भी अपडेट किया था, जिसमें उसने लिखा था ‘बाय फॉर एवर’ अच्छा चलता हूं, दुआ में याद रखना। इसके कुछ समय बाद ही उसने अपनी प्रेमिका के साथ खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए और मामले की खबर कोतवाली पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को रेलवे ट्रेक से किनारे रखवाया। पंचनामा के बाद शवों की शिनाख्त कराई गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों की पहचान कर ली गई। घटना की खबर पाकर दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंचे और संवेदना व्यक्त करने लगे। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों ने किस वजह से खुदकुशी की है। कोतवाली प्रभारी बीएस खुंटिया का कहना है कि पुलिस दोनों की मौत पर मर्ग कायम कर खुदकुशी के असल कारणों को जानने में जुटी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें