अकलतरा. विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन अकलतरा विधायक चुन्नीलाल साहू ने अपने विधानसभा क्षेत्र के धान खरीदी केंन्द्रों की दूरी का मुद्दा सदन में उठाया। ज्ञात हो कि अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के बुडग़हन, पोंच, दहकोनी, परसाहीनाला, अर्जूनी सहित कई ग्रामों के किसानों ने धान खरीदी केंद्र 5 किमी से अधिक दूरी में होने के कारण उपज विक्रय में होने वाली समस्या से विधायक साहू को अवगत कराया था।
किसानों की समस्या को विधानसभा में प्रश्न के माध्यम से रखते हुए उचित कार्यवाही का आग्रह किया गया। विधायक साहू ने अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में कुल धान खरीदी केंन्द्र व उप केंन्द्र संचालित होने की जानकारी के साथ उपज बिक्री के लिए 5 किमी से अधिक दूरी वाले ग्रामों की जानकारी प्रश्न के माध्यम से सदन में दी, जिसके जवाब में सहकारिता मंत्री द्वारा बताया गया कि अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में 21 धान खरीदी केंन्द्र व 10 उपकेंन्द्र खोले गए हैं। 17 ग्रामों के कृषकों को धान विक्रय के लिए 5 किमी से अधिक दूरी तय करनी पड़ती है। विधायक साहू ने सहकारिता मंत्री को पत्र लिखकर आगामी धान खरीदी सत्र से कृषकों की सुविधा के लिए उक्त 17 ग्रामों में शीघ्र ही धान खरीदी केंन्द्र या उपकेंन्द्र खोले जाने की मांग रखी है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें