जांजगीर-चांपा. बीएसएनएल के हजारों मॉडम वायरस अटैक की वजह से काम नहीं कर रहे हैं। इससे जिले सहित समूचे छत्तीसगढ़ के उपभोक्ता परेशान है। इस समस्या का निराकरण के लिए बीएसएनएल द्वारा उपभोक्ताओं को बुलाकर नया पासवर्ड डालकर मॉडम को री-सेट किया जा रहा है। जिले में बीएसएनएल के सैकड़ों मॉडम में वायरस अटैक आना बताया जा रहा है। यह समस्या बीते 27 जुलाई को सामने आई।
बीएसएनएल कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मॉडम चालू रहने के बाद भी काम नहीं कर रहा है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की शिकायत सामने आने के बाद बीएसएनएल प्रबंधन हरकत में आया। छत्तीसगढ़ बीएसएनएल के बंगलौर एक्सचेंज से जुड़ा हुआ है। शिकायत सामने आने पर पहले अफसरों ने बंगलौर संपर्क किया। वहां स्थित एक्सचेंज से खराबी दूर नहीं होने पर सलाह दी गई कि सभी उपभोक्ताओं को बुलाकर मॉडम की जांच की जाए और पासवर्ड बदलकर रीसेट किया जाए। इसके बाद अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को मॉडम और एडाप्टर के साथ बीएसएनएल कार्यालय बुलाया जा रहा है।
ऐसे आया वायरस अटैक
बीएसएनएल से प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरस अटैक ऐसे उपभोक्ताओं के मॉडम में आया है, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद अपना पासवर्ड नहीं बदला था। साथ ही ऐसे उपभोक्ता भी इसकी चपेट में आ गए, जो लगातार इंटरनेट कनेक्शन चालू रखते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को नया पासवर्ड देकर मॉडम को रीसेट किया गया। जिले में ऐसे उपभोक्ताओं की संख्या सैकड़ों में बताई जा रही है, जिनके मॉडम में वायरस अटैक आने के कारण उन्हें परेशान होना पड़ा।
मंगलवार को भी पहुंचे लोग
मॉडम में आई समस्या से परेशान लोगों का बीएसएनएल कार्यालय पहुंचने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता मॉडम लेकर बीएसएनएल कार्यालय पहुंचे। विभाग के अफसरों द्वारा इस समस्या का निराकरण हर हाल में 2 अगस्त तक किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा विभाग हर कनेक्शनधारी को टेलीफोन नंबर पर फोन कर मॉडम के संबंध में जानकारी ले रहा है। जिन उपभोक्ताओं द्वारा मॉडम में खराबी आने की जानकारी दी जा रही है, उसे तत्काल बीएसएनएल कार्यालय बुलाया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें