जांजगीर-चांपा. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका कल्याण संघ के प्रांतीय आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्यरत कार्यकर्ता एवं सहायिका रविवार से तीन दिवसीय धरना-आंदोलन कर रही हैं। धरना-आंदोलन के दूसरे दिन कांग्रेसियों ने कचहरी चौक पर स्थित आंदोलन स्थल पर पहुंचकर उन्हें अपना समर्थन दिया।
कचहरी चौक में आयोजित धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की सभी मांगे जायज है। उनकी मांगों को सरकार को शीघ्र पूरा करना चाहिए। कांग्रेस की प्रदेश सचिव शशिकांता राठौर एवं महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष शेषराज हरवंश ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का कार्य न केवल शासकीय बल्कि, समाजिक कार्य है। वे सरकार की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती हैं, इसलिए सरकार को उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूर्ण करना चाहिए। ज्ञात हो कि जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने संघ के प्रांतीय आह्वान पर 31 जुलाई से जांजगीर के कचहरी चौक में तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन प्रारंभ किया है। धरना-प्रदर्शन में जिले भर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका शामिल हो रही है।
धरना स्थल पर मौजूद संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर 2 अगस्त को दोपहर 3 बजे रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौपेंगे। धरना-प्रदर्शन के दूसरे दिन छग शासकीय तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह क्षत्रिय, सचिव संतोष सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की जिलाध्यक्ष ताज बेगम खान, उपाध्यक्ष सरोज सिंह, सरिता ठेठवार, सरिता पाण्डेय, शकुंतला रात्रे, जवा दिवाकर, सविता कश्यप, उमेश राठौर, यास्मिन खान, शशि कटकवार, मेमबाई चंद्रा, लक्ष्मी मित्तल, शीला तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें