नवागढ़. सावन के चौथे सोमवार को शहर समेत आसपास के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। कतार में खड़े होकर सभी अपनी बारी का इंतजार करते रहे। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव की प्रिय सामग्री बेलपत्र, धतूरा, दूध, जल, शहद आदि से अभिषेक किया।
शिव मंदिरों में भक्त भोलेबाबा की पूजा-अर्चना करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सुबह उनका अभिषेक कर पूजन किया। वहीं शाम को भजनों और भक्ति गीतों के जरिए भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इस तरह सुबह से लेकर शाम तक शिवालायों में भक्तों की भीड़ जुटी रही। नवागढ़ क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य ज्योति कश्यप ने ग्राम खैरताल से ग्रामीणों के साथ कीर्तन-भजन के साथ पदयात्रा की शुरूआत की, जो बोल बम के जयकारे लगाते हुए नवागढ़ स्थित लिंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां सभी लोगों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। वहीं देर शाम महाआरती के बाद भक्तिमय कार्यक्रम का समापन हुआ।
सावन का अंतिम सोमवार 7 को
सावन का पांचवां और अंतिम सोमवार 7 अगस्त को रहेगा। शिव पूजन के साथ ही इस दिन रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। सावन के पांचवें सोमवार को चंद्रग्रहण भी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें