मंगलवार, 1 अगस्त 2017

भाजपा जिलाध्यक्ष की टिप्पणी को जूदेव ने किया खारिज, मीडिया में बयान जारी कर खुद को बताया काबिल विधायक

जांजगीर-चांपा. पिछले दिनों कोरबा में आयोजित भाजपा कार्यसमिति की बैठक के दौरान जिले के चन्द्रपुर विधानसभा को लेकर पार्टी के जिलाध्यक्ष मेघाराम साहू द्वारा की गई टिप्पणी को चंद्रपुर विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव ने सिरे से खारिज किया है। विधायक जूदेव ने मीडिया में बयान जारी कर खुद को काबिल विधायक भी बताया है।

चंद्रपुर विधायक व बेवरेज कार्पोरेशन अध्यक्ष युद्धवीर सिंह जूदेव ने कहा है कि कार्यकर्ताओं की तपस्या से चन्द्रपुर विधानसभा पूरे जिले में बेहतर व मजबूत माना जाता है। जिले में लगातार विधायक बदलते रहे हैं, लेकिन चन्द्रपुर ही ऐसा विधानसभा है, जहां से वे निरंतर दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने कहा है कि क्षेत्र में पार्टी की जड़े मजबूत हैं। संगठन मंत्री सौदान सिंह व दिलीप सिंह जूदेव के संबंधों का स्मरण करते हुए बताया कि उन्होंने राजनीति का ककहारा सौदान सिंह से सीखा है। वहीं पिता दिलीप सिंह जूदेव की सहमति के बाद उन्होंने जीवन का प्रथम चुनाव जशपुर महल से 250 किमी दूर चन्द्रपुर से लड़ा व भाजपा की जीत सुनिश्चित की। जिले में चन्द्रपुर सीट को गुटबाजी से मुक्त बताते हुए विधायक जूदेव ने कहा कि जिले में यह एकमात्र ऐसी सीट है, जहां पार्टी संगठन की जड़े सबसे गहरी है। चन्द्रपुर विधानसभा के तीन नगर पंचायतों में से दो भाजपा के कब्जे में है। वहीं जनपद की दोनों सीट डभरा व मालखरौदा भाजपा के पास है। चार डीडीसी में दो भाजपा के पास है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें