मंगलवार, 1 अगस्त 2017

आयरन की टेबलेट खाते ही छात्राओं को होने लगी उल्टियां, छात्राओं की तबीयत बिगडऩे से शासकीय स्कूल खैरा में मचा हडक़ंप

सक्ती. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरा में एक अगस्त मंगलवार को उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब यहां पढऩे वाली छात्राओं ने आयरन की टेबलेट का सेवन किया और उन्हें उल्टी और सिरदर्द की शिकायत होने लगी। छात्राओं की हालत बिगड़ता देख स्कूल प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना सक्ती बीएमओ को दी। सूचना मिलते ही बीएमओ अपनी टीम के साथ स्कूल पहुंचे और कैम्प लगाकर प्रभावित छात्राओं का त्वरित उपचार किया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई।

दरअसल, सक्ती विकासखंड के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरा में एक अगस्त को राज्य शासन की योजना के अनुसार छात्र-छात्राओं को आयरन की टेबलेट खाने के लिए शिक्षक कृष्ण कुमार वस्त्रकार तथा स्कूल के अन्य शिक्षकों द्वारा दिया गया। टेबलेट सेवन करने के कुछ ही समय बाद छात्राओं की तबीयत बिगडऩे लगी और उन्हें उल्टी एवं सिरदर्द की शिकायत होने लगी। छात्राओं की हालत बिगड़ता देख स्कूल प्रबंधन द्वारा परिजनों सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सक्ती को इसकी सूचना दी गई, जिस पर बीएमओ चौधरी अपनी टीम के साथ तत्काल ग्राम खैरा पहुंचे और प्रभावित छात्राओं का परीक्षण कर उनका उपचार प्रारंभ किया, परंतु हालत गंभीर होने के कारण 10 छात्राओं को उपचार के लिए संजीवनी 108 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सक्ती लाया गया, जहां आवश्यक उपचार के बाद स्वास्थ्य ठीक होने पर उन्हें छुट्टी दी गई। इस संबंध बीएमओ चौधरी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही वे स्वयं टीम के साथ खैरा पहुंचे और छात्र-छात्राओं का परीक्षण किया तथा उन्हें आवश्यक दवाएं दी गई। उन्होंने बताया कि जिन छात्राओं का स्वास्थ्य खराब हुआ था, उनमें से अधिकांश खाली पेट थीं। कई छात्राएंं तो अपनी सहेलियों को देखकर ही तबीयत खराब होने की बातें कहने लगी थी। 10 छात्राओं को सक्ती भेजकर उपचार कराने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। 

 

इन्हें होने लगी थी उल्टियां

बीएमओ चौधरी ने बताया कि जिन छात्राओं को आयरन की गोली सेवन करने के बाद उल्टी और सिरदर्द की शिकायत होने लगी थी, उनमें सावित्री यादव, नेहा सतनामी, कार्तिक कुमारी सिदार, कविता गोस्वामी, पुष्पा गोस्वामी, ऋतु महिलांगे, यामिनी मौवार, प्रीति कंवर, गीता महंत, आकांक्षा जायसवाल, ज्योति कुमारी कुर्रे, वर्णिता खुंटे, समारिन सिदार, बबीता राठौर, पद्मावती मनहर, सोनिया चौहान का नाम शामिल है। ये सभी कक्षा 9वीं एवं 10 वीं की छात्राएंं हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें