राजेंद्र राठौड़@जांजगीर-चांपा. कोसा, कांसा और कंचन की नगरी चांपा के भालेराय मैदान में आयोजित तीन दिवसीय हसदेव लोक महोत्सव के पहले ही दिन स्टार नाइट कार्यक्रम के दौरान जमकर बवाल मचा। इंडियन आइडल फेम श्रीराम चंद्रम के गाने में खोकर एक पार्षद पति मंच के सामने थिरकने पर विवश हो गया। वहीं चंद्रम के बुलावे पर वह स्टेज पर पहुंचकर थिरकने लगा। पार्षद पति का यह कृत्य चांपा एसडीएम को नागवार गुजरा और उन्होंने उसे न केवल बलपूर्वक मंच से उतारा, बल्कि पुलिस बुलवाकर उसे गिरफ्तार करने को भी कह दिया। इससे वहां मौजूद कांग्रेसी पार्षद भडक़ गए और हंगामा करने लगे। मामला तूल पकड़ता देख एसडीएम कार्यक्रम छोड़ चलते बने।
चांपा के भालेराव मैदान में 27 जनवरी से आयोजित हसदेव महोत्सव राजनीति का अखाड़ा बन गया है। यह कार्यक्रम पूरी तरह गैरराजनीतिक है, लेकिन धरातल पर राजनीति से अछूता नहीं है। बताया जा रहा है कि आयोजन की पहली रात इंडियन आइडल फेम श्रीराम चंद्रम का स्टार नाइट कार्यक्रम चल रहा था। यह कार्यक्रम करीब साढ़े नौ बजे प्रारंभ हुआ। रात करीब साढ़े दस बजे नगरपालिका परिषद चांपा के वार्ड नंबर 6 की पार्षद गीता सोनी के पति केशव सोनी इंडियन आइडल फेम चंद्रम के गाने पर मंच के सामने थिरकने लगे। उसे थिरकता देख चंद्रम का उत्साह बढ़ा और उन्होंने पार्षद पति को मंच में आने कहा। उनके बुलावे पर केशव सोनी मंच में पहुंचकर थिरकने लगे। यह बात एसडीएम यूके उर्वशा को बुरी लगी। उन्होंने केशव सोनी को बलपूर्वक मंच से उतार दिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार करने तक को कह दिया। इस घटना से वहां मौजूद कांग्रेसी पार्षद भडक़ गए और वो बीच-बचाव करने लगे। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। माहौल शांत होने के बाद जब श्रीराम चंद्रम ने दर्शकों से फरमाइश पूछी तो कुछ पार्षदों ने भजन गाने को कह दिया। इतना सुनने के बाद एसडीएम उर्वशा कार्यक्रम से ही चले गए। इस बात की चर्चा शहर में रविवार को दिनभर रही। उल्लेखनीय है कि प्रदूषित हसदेव के नाम से महोत्सव करने का मुद्दा पहले से ही गरमाया हुआ है। वहीं आमंत्रण कार्ड में स्टीकर लगाकर कलेक्टर के बजाय जिला प्रशासन करने तथा प्रोटोकाल के उल्लंघन को लेकर जमकर राजनीति हो रही है। इस स्थिति में सोमवार को आयोजित महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के आने की संभावना बहुत कम है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें