राजेंद्र राठौर@जांजगीर-चांपा. देश के अलावा विदेशों में चांपा शहर की अपनी विशिष्ट पहचान है। यह शहर कोसा, कांसा और कंचन की नगरी के रूप में विख्यात है। हसदेव लोक महोत्सव का मूल मकसद कोसा, कांसा और कंचन की नगरी को विशिष्ट पहचान दिलाने के साथ-साथ इन तीनों कारोबार को जीवित रखना भी है, लेकिन मंच पर धूम-धड़ाके के बीच आयोजन के मूल मकसद को भुलाया जा रहा है, जिसके कारण इन कारोबारों से जुड़े कई परिवारों की आर्थिक स्थिति लगातार दयनीय होती जा रही है। ऐसे में जरूरत है कि इन कारोबारों से जुड़े लोगों को उचित अवसर देते हुए उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने की दिशा में विशेष पहल हो, तभी आयोजन की सार्थकता साबित होगी।
दरअसल, जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव की तर्ज पर बीते तीन वर्षों की तरह इस बार भी कोसा, कांसा और कंचन की नगरी चांपा के भालेराय मैदान में हसदेव लोक महोत्सव औद्योगिक मेला 2018 का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के लिए भालेराय मैदान को सजाने का काम शुरू हो गया है। महोत्सव का शुभारंभ 27 जनवरी को दोपहर 2 बजे होगा। इस दिन सुबह 10 बजे यूथ कैरियर फेस्टिवल का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसी रात 9 बजे स्टार नाइट का आयोजन होगा। इसमें इंडियन आइडल फेम के श्रीराम चंद्रम की गीतों पर लोग झूमेंगे। इसी तरह 28 जनवरी को दोपहर एक बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसी शाम 6 बजे आंचलिक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। रात 9 बजे छत्तीसगढ़ी फिल्म स्टार सुनील तिवारी का कार्यक्रम होगा।
महोत्सव के अंतिम दिन दोपहर 1 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। शाम 4 बजे महोत्सव का समापन होगा। इस रात अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें देश के सुप्रसिद्ध कवियों में अलीगढ़ से डॉ. विष्णु सक्सेना, इंदौर से दिनेश दिग्गज, भोपाल से सबिया असर, छत्तीसगढ़ से बंशीधर मिश्रा व उजमा अख्तर, लखनऊ से कविता तिवारी, पानीपत से योगेन्द्र मौदगिल कविता पाठ करेंगे। शुभारंभ कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद कमला पाटले होंगी। अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक मोतीलाल देवांगन करेंगे। विशिष्ट अतिथि संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, अंत्यवसायी निगम के अध्यक्ष निर्मल सिन्हा, विधायक चुन्नीलाल साहू, विधायक डॉ. खिलावन साहू, विधायक केशव चंद्रा, चांपा नपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, जांजगीर-नैला नपाध्यक्ष मालती रात्रे व जिला पंचायत के अध्यक्ष नंदकिशोर हरवंश होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें