शराब लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शराब लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 16 मार्च 2017

शराब पीकर धरमू ऐसा सोया कि उठा ही नहीं!

बेलादुला में अत्यधिक शराब पीने से अधेड़ की मौत

 

जांजगीर-जैजैपुर. ग्राम बेलादुला में एक अधेड़ शराब पीकर ऐसा सोया कि वह उठा ही नहीं। अत्यधिक शराब सेवन से उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जैजैपुर थाना अंतर्गत ग्राम बेलादुला निवासी धरमू सतनामी (57) पिता लहाराम सतनामी ने होली त्योहार के दिन छककर शराब का सेवन किया। शराब पीने के बाद उसने ढोल-मांदर बजाकर खूब ठुमके भी लगाए। इसके बाद वह गांव की बीच बस्ती में स्थित छतदार चबूतरे में आकर सो गया। दूसरे दिन दोपहर तीन बजे तक धरमू जब सोकर नहीं उठा तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी जैजैपुर पुलिस को दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची और धरमू को उठाने की कोशिश की तो पता चला कि उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जैजैपुर पुलिस का कहना है कि मृतक धरमू ने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया था। प्रथम दृष्टया उसकी मौत का कारण अत्यधिक शराब सेवन माना जा रहा है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद वास्तविक कारण का खुलासा होगा। फिलहाल, मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है।


परिजन गए हुए हैं जम्मू-कश्मीर

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक धरमू गांव में अकेले रहता था। उसके तीन बेटे हैं, जो परिवार के अन्य लोगों के साथ मजदूरी करने के लिए जम्मू-कश्मीर गए हुए हैं। गांव में उसके परिवार का कोई भी सदस्य निवास नहीं कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि धरमू की मौत की सूचना उसके परिजनों को दी गई है।

ग्रामीण से थानेदार का विवाद

ग्रामीणों का कहना है कि घटना की सूचना जब जैजैपुर थाने में दी गई, तब थाना प्रभारी दुर्योधन बंजारे अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। मौका मुआयना करते समय थानेदार बंजारे ने किसी बात को लेकर एक ग्रामीण से तू-तू, मैं-मैं किया। ग्रामीणों का आरोप है कि थानेदार ने बीच बस्ती में ग्रामीण से गाली-गलौज की। इस बात को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।

सोमवार, 13 मार्च 2017

गोबरा में शराब का जखीरा बरामद, एक गिरफ्तार

होली के मौके पर बिक्री करने घर में रखा था स्टॉक

 

नवीन कदम@जांजगीर-चांपा. होली के दिन शुष्क दिवस होने का फायदा उठाते हुए पहले से ही बड़े पैमाने पर शराब का स्टॉक एकत्रित कर उसे खपाने की कोशिश कर रहे एक युवक को डभरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन पेटी देसी शराब, एक पेटी बीयर तथा 38 पाव अंग्रेजी शराब जब्त किया है।

जब्त शराब

सोमवार को होली त्योहार होने की वजह से एक ओर लोग जहां रंग-गुलाल उड़ाने में व्यस्त थे, वहीं दूसरी ओर डभरा थाना अंतर्गत ग्राम गोबरा निवासी एक युवक मोटी रकम कमाने की योजना बनाकर उसे मूर्त रूप देने में लगा था। इस दिन शुष्क दिवस घोषित होने की वजह से जिले में संचालित सभी देसी एवं विदेशी मदिरा दुकानें बंद थी। ऐसे में उस युवक ने पहले से ही अपने घर में बड़े पैमाने पर शराब का स्टॉक संग्रहित कर लिया था, जिसे होली के दिन वह युवक दोगुनी कीमत पर खपाने की कोशिश कर रहा था। 

इसकी सूचना मुखबिर के जरिए डभरा एसडीओपी को मिल गई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीओपी ने तुरंत डभरा थानेदार को अलर्ट किया। इसके बाद पुलिस की एक टीम ग्राम गोबरा पहुंची, जहां मुखबिर के बताए ठिकाने पर दबिश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टीम को देखकर शराब तस्कर मनमोहन चन्द्रा (32) पिता भुवन चन्द्रा घबरा गया। टीम ने जब उसके घर की तलाशी ली तो वहां से तीन पेटी देसी शराब, एक पेटी बीयर तथा 38 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी मनमोहन चन्द्रा ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले से ही शराब संग्रहित कर रखा था, ताकि होली के दिन उसे दोगुनी कीमत पर बेचकर मुनाफा कमा सके। डभरा पुलिस ने आरोपी मनमोहन चन्द्रा के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)34(1) के तहत कार्यवाही की है।