बुधवार, 8 मार्च 2017

यात्रीगण सावधान! कई ट्रेनें रद्द रहेंगी आज से

खरसिया यार्ड का रिमाडलिंग कार्य करेगा रेल अमला

नवीन कदम न्यूज@जांजगीर-चांपा. यदि नौ मार्च से 11 मार्च के बीच रायगढ़-बिलासपुर के बीच यात्रा करने की सोंच रहे होंगे, तो सावधान हो जाइए। रेल अमले द्वारा खरसिया यार्ड का रिमाडलिंग और डाउन लाइन को आउटर लाइन से जोडऩे के लिए तीन दिनों तक नॉन-इंटरलाकिंग का कार्य किया जाएगा।
नौ से 11 मार्च तक होने वाले इस कार्य के चलते बिलासपुर-रायगढ़ के बीच चलने वाली दोनों मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके अलावा 8 ट्रेनें गंतव्य से पहले समाप्त होंगी। दोनों महत्वपूर्ण कार्य है। इसके पूरा होते ही यात्रियों को ट्रेनों के परिचालन के लिहाज से राहत मिलेगी, लेकिन तीन दिन यात्रियों को भारी पड़ सकता है। क्योंकि 13 मार्च को होली है। जाहिर है कि इससे उन यात्रियों को असुविधा होगी जो पर्व मनाने के लिए घर जाएंगे। वैसे भी त्योहारी सीजन में ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है। लंबी दूरी की ट्रेनों में अभी से इसका असर नजर आ रहा है। ऐसे में यात्रियों को मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे के मुताबिक, तीन दिन तक 68735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू, 68736 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, 68737 रायगढ़-बिलासपुर मेमू व 68738 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू रद्द रहेंगी। इसी तरह 9 से 11 मार्च तक 58213 टिटलागढ़-बिलासपुर पैसेंजर संबलपुर से बिलासपुर के मध्य रद्द रहेगी। इसके अलावा 58214 बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर बिलासपुर से संबलपुर के मध्य, 58118 गोंदिया-झारसुगड़ा पैसेंजर बिलासपुर में समाप्त की जाएगी। यह ट्रेन झारसुगुड़ा से बिलासपुर के बीच नहीं चलेगी। यह ट्रेन बिलासपुर स्टेशन से ही गोंदिया के लिए रवाना होगी। 58111 टाटानगर-इतवारी पैसेंजर झारसुगुड़ा स्टेशन में समाप्त होकर वापस 58112 इतवारी-टाटानगर पैसेंजर बनकर टाटानगर के लिए रवाना होगी। यात्रियों को इस ट्रेन की सुविधा झारसुगुड़ा से बिलासपुर के बीच मध्य नहीं मिलेगी। साथ ही 58112 इतवारी-टाटानगर पैसेंजर को बिलासपुर स्टेशन में, 58113 टाटानगर-बिलासपुर पैसेंजर को झारसुगुड़ा स्टेशन में और 58114 बिलासपुर-टाटानगर पैसेंजर झारसुगड़ा स्टेशन से ही टाटानगर के लिए रवाना होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें