जैजैपुर. नगर पंचायत जैजैपुर में अध्यक्ष पद के लिए हुए उपचुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार मीना महेन्द्र चंद्रा ने बाजी मार ली है। भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवारों को करारी शिकस्त देते हुए इन्होंने चुनाव जीतकर उन पार्टियों के दिग्गज नेताओं की नाक काटी है। जैजैपुर उपचुनाव में मिली अपार सफलता से जोगी समर्थक गदगद नजर आ रहे हैं।
नगर पंचायत जैजैपुर के लिए कराए गए उपचुनाव की मतगणना 21 जून को सद्भावना भवन में हुई। इस उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी मीना महेंद्र चंद्रा ने भाजपा व कांग्रेस सहित कई निर्दलीय प्रत्याशियों को पछाड़ते हुए अपनी जीत दर्ज कराई। वहीं नगर पंचायत जैजैपुर के वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद पद के लिए भाजपा प्रत्याशी मालती साहू निर्वाचित हुई। नगर पंचायत जैजैपुर में अध्यक्ष पद के लिए 7 एवं वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद पद के लिए कुल 5 प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाई थी। उपचुनाव में जैजैपुर में कुल छह हजार 338 मतदाताओं में से 4 हजार 727 लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। उपचुनाव में सिर्फ एक वोट नोटा में गया। जैजैपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मीना महेन्द्र चंद्रा को एक हजार 834 मत मिले। इसी तरह निर्दलीय प्रत्याशी हीरा साहू को एक हजार 32, भाजपा के सोनसाय देवांगन को 839, कांग्रेस के दिलीप चंद्रा को 408 मत मिले। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी हरनारायण यादव को 506 मत प्राप्त हुए। उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी मीना महेन्द्र चंद्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी हीरा साहू को 802 वोटों से हराया। इसी तरह वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद पद के लिए मालती दिगम्बर साहू को 169 एवं पुराई बाई मोहन को 120 मत मिले। मतगणना पूर्ण होने के बाद चुनाव अधिकारी ने विजयी उम्मीदवारों के जीत की घोषणा की। मतगणना स्थल पर शांति व्यवस्था बनाने एसडीएम इंद्रजीत बर्मन, जैजैपुर तहसीलदार सुनील अग्रवाल सहित जैजैपुर व हसौद थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
नगर विकास को मिलेगी गति
निर्दलीय प्रत्याशी मीना महेंद्र चंद्रा ने चुनाव में जीत हासिल करने के बाद कहा कि यह नगर पंचायत जैजैपुर की जनता और युवा कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा हैं। नगर पंचायत जैजैपुर के मतदाताओं ने अपने नगर में विकास को गति देने के लिए निर्दलीय प्रत्याशी को अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने नगरवासियों को भरोसा दिलाया कि वे नगर विकास को गति प्रदान करने हरसंभव प्रयास करेंगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें