जांजगीर-चांपा. अकलतरा क्षेत्र के सक्रिय विधायक चुन्नीलाल साहू ने आगामी एक जुलाई को पडऩे वाले अपने जन्मदिन को किसानों को समर्पित करने का ऐलान किया है। इस दिन वे जिला मुख्यालय जांजगीर में शांतिपूर्ण रैली निकालकर कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम किसानों के हित से जुड़ी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे। अपने जन्मदिन को हर व्यक्ति अलग-अलग अंदाज में मनाकर यादगार बनाने की भरपूर कोशिश करता है। कोई गरीबों को कपड़ा और अन्य उपहार दान करके जन्मदिन मनाता है तो कोई महिला और वृद्धा आश्रम में फल और मिठाईयां बांटकर खुशी को दुगुना करता है।
इन सबसे इतर अकलतरा क्षेत्र के सक्रिय विधायक चुन्नीलाल साहू ने अपने जन्मदिन को इस बार किसानों को समर्पित करने का अनूठा फैसला लिया है। विधायक साहू ने ‘दैनिक नवीन कदम’ से चर्चा के दौरान बताया कि आगामी एक जुलाई को उनका जन्मदिन है। इस दिन को उन्होंने इस बार किसानों को समर्पित किया है। उन्होंने बताया कि एक जुलाई को अपने जन्मदिन के अवसर पर वे जिला मुख्यालय जांजगीर में शांतिपूर्ण रैली निकालकर किसानों के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह के नाम कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन को ज्ञापन सौंपेंगे। विधायक साहू ने बताया कि ज्ञापन के जरिए मुख्यमंत्री के समक्ष किसानों को धान का समर्थन मूल्य 2100 रुपए तथा 300 रुपए बोनस के साथ ही सरकारी कर्मचारियों की तरह तीन वर्ष का एरियर्स देने की मांग रखी जाएगी। मांग पूरी न होने की स्थिति में आगामी धान खरीदी सत्र में किसानों के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाएगी।
विधायक साहू ने बताया कि प्रदेश में किसानों की स्थिति दिनों-दिन बदहाल होती जा रही है, जिसके लिए डॉ. रमनसिंह की सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है। किसानों को धान का उचित समर्थन मूल्य देने के लिए सरकारी खजाना खाली होने की बात कही जाती है, जबकि केन्द्र सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल का गुणगान करने के लिए लाखों-करोड़ों रुपए पानी की तरह बहा दिया जाता है, यह किसानों के साथ ज्यादती नहीं तो और क्या है। उन्होंने कहा कि किसान विरोधी रमन सरकार को जड़ से उखाडऩे प्रदेश की जनता आतुर है। आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में निश्चित तौर पर सत्ता परिवर्तन होगा और कांग्रेस की सरकार बनेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें