चांपा. मारवाड़ी युवा मंच चांपा के सदस्यों ने अनूठी मिसाल पेश की है। मंच के सदस्यों ने वर्षों से बिछड़ी एक महिला को उसके परिजनों से मिलवाया है। मंच के सदस्यों के इस कार्य की चहुंओर सराहना हो रही है। जानकारी के अनुसार, चांपा नगर के मायुमं के सदस्य प्रकाश अग्रवाल के पास सुबह-सुबह फोन आया और उधर से एक महिला की आवाज आई कि उसे मदद चाहिए। महिला की बात सुनकर अग्रवाल ने मदद के लिए हामी भर दी।
उन्होंने पूछा कि क्या मदद चाहिए, तब महिला ने बताया कि यह कॉल मुंबई की एक समाजसेवी संस्था श्रद्धा फाउंडेशन की ओर से की गई है। फोन पर जानकारी दी गई कि यह संस्था सडक़ पर घूमने वाले मानसिक पीडि़तों का मुफ्त इलाज कर उसके घर तक पहुंचने का काम करती है। फोन के जरिए संस्था से जुड़ी उस महिला ने बताया कि उन्हें मुम्बई के एक इलाके से कंचन नामक मंदबुद्धि महिला मिली है, जो जांजगीर-चाम्पा जिले की निवासी है। उन्होंने बताया कि महिला महाराष्ट्र के चेड़उ में मिली है, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसके घर का पता नहीं चल रहा है। महिला ने यह भी बताया कि वे उस महिला को घर पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन पता कन्फर्म नहीं हो पा रहा। इतना सुनने के बाद मायुमं चांपा की टीम ने अपनी सक्रियता दिखाई और बताए गए हुलिए के आधार पर कंचन के परिवार को खोज निकाला। मायुमं के सदस्यों ने मुम्बई की संस्था के माध्यम से उस महिला को उसके गृह निवास बलौदा के पास स्थित ग्राम परसदा तक पहुंचाकर उसके परिवार से मिलाने का पुण्य कार्य किया। मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि महिला के वापस लौटने से उसके घर में खुशी का माहौल देखकर जो आत्मसंतुष्टि मिली वह अनुकरणीय है। इस कार्य में मायुमं की पूरी टीम के साथ प्रांतीय पदाधिकारी प्रकाश अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष विकास मोदी, सचिव अमन मोदी, अनुपम अग्रवाल, अविनाश मोदी, गौरव अग्रवाल, सुनील सोनी एवं मुम्बई की समाजसेवी संस्था की सदस्य ऋतु वर्मा एवं उनके साथियों का सराहनीय योगदान रहा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें