चांपा. प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के रविवार को लिंक एक्सप्रेस से चांपा पहुंचने पर जोगी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध जताए जाने की झूठी खबर किसी ने फैला दी। इस खबर से प्रशासन सकते में आ गया। आलम यह था कि चांपा रेलवे स्टेशन परिक्षेत्र छावनी में तब्दील कर दी गई। हालांकि जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ता स्टेशन क्षेत्र में नजर तक नहीं आए।
रविवार की शाम ऐसा संयोग बना कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत लिंक एक्सप्रेस से चांपा पहुंचे। दोनों रायपुर जा रहे थे। रेलवे स्टेशन में सीएम और डॉ. महंत का स्वागत करने भाजपाई और कांग्रेसियों का हुजूम उमड़ पड़ा था। ज्ञात हो कि बीते 21 जुलाई को चांपा में एक निजी अस्पताल का शुभारंभ करने स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर पहुंचे थे। इस दौरान छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के प्रदेश महामंत्री इब्राहिम मेमन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ न केवल मुर्दाबाद और वापस जाओ के नारे लगाए, बल्कि उन्हें काले झंडे दिखाकर सरकारी के बजाय निजी अस्पताल को महत्व देने का आरोप भी लगाया। इस मामले में पुलिस ने इब्राहिम मेमन सहित 23 लोगों को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के कुछ देर बाद करीब 17 लोगों को मुचलके पर छोड़ दिया गया। वहीं मेमन सहित छह कार्यकर्ता शनिवार से खोखरा जेल में हैं। इधर, रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एक कार्यक्रम में शामिल होने कोरबा गए थे। किसी कारणवश वे हेलीकॉप्टर के बजाय लिंक एक्सप्रेस से वापस रायपुर लौट रहे थे। वहीं रविवार को ही पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत के पिता बिसाहूदास महंत की 39वीं पुण्यतिथि थी। इस अवसर पर चांपा और जांजगीर का कार्यक्रम निपटाने के बाद डॉ. महंत कोरबा के कार्यक्रम में शामिल होने चले गए। शाम करीब पौने पांच बजे उसी ट्रेन से वो भी रायपुर के लिए रवाना हुए। संयोग ऐसा बा कि सीएम और पूर्व केंद्रीय मंत्री एक ही ट्रेन से रायपुर जा रहे थे। इसके कारण चांपा स्टेशन में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गई थी। जैसे ही ट्रेन चांपा स्टेशन पहुंची, सीएम और डॉ. महंत लिंक एक्सप्रेस के गेट के पास आ गए। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस बीच किसी ने खबर उड़ा दी कि जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ता सीएम के समक्ष अपना विरोध दर्ज करेंगे। इस खबर को लेकर प्रशासन सकते में आ गया था। इसके चलते चांपा रेलवे स्टेशन क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दी गई थी। हालांकि जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ऐसी कोई योजना ही नहीं थी। लेकिन यह खबर पूरे जिले में आग की तरह फैल गई थी।
जोगी समर्थकों में गहरा आक्रोश
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर को काले झंडे दिखाए जाने के बाद जिस तरह इब्राहिम मेमन सहित छह लोगों को जमानत नहीं दी गई, उसे लेकर जोगी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इस मुद्दे को लेकर जोगी कांग्रेस ने जिले में बड़े आंदोलन की रूपरेखा बना ली है। जोगी कांग्रेस के ड्रग व केमिस्ट विभाग के प्रदेश अध्यक्ष हरीश सितलानी ने बताया कि मंगलवार को पार्टी सुप्रीमो अजीत जोगी और उनके पुत्र अमित जोगी कलेक्टोरेट व एसपी कार्यालय का घेराव करने जिला पहुंचेंगे। इसके पूर्व सोमवार को जोगी कांग्रेस की एक बैठक होगी। इसमें आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें