जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय ने राज्य शिक्षक पुरस्कार 2016 के लिए जिला मुख्यालय जांजगीर में संचालित शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका जयंती दुबे को चयनित किया है। आगामी पांच सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षिका दुबे सहित प्रदेश भर के 41 शिक्षकों को यह सम्मान राजधानी रायपुर के हॉटल गणपति में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा शिक्षा गुणवत्ता अभियान के अंतर्गत पिछले कुछ वर्षों से उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी पांच सितम्बर को राजधानी रायपुर के पंडरी बस स्टैण्ड स्थित हॉटल गणपति में राज्य शिक्षक पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया है। राज्य शिक्षक सम्मान शिक्षिका जयंती दुबे को वर्ष 2016 में किए गए उत्कृष्ट शिक्षकीय कार्यों के लिए प्रदान किया जाएगा। राज्य शिक्षक सम्मान के लिए शिक्षिका दुबे के अलावा शैक्षणिक जिला जांजगीर-चांपा से उच्च श्रेणी शिक्षक धनश्याम कुमार देवांगन तथा शैक्षणिक जिला सक्ती से शिक्षक कन्हैया लाल कंवर और बालकृष्ण पटेल का नाम चयनित किया गया है। समारोह में प्रदेश भर के कुल 41 शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार, चयनित शिक्षकों के ठहरने की व्यवस्था राजधानी रायपुर में ही की गई है। सम्मान के लिए चयनित शिक्षक अपने साथ एक सहयोगी ले जा सकते हैं। संबंधित शिक्षकों को 3 सितम्बर को राजधानी रायपुर स्थित हॉटल गणपति पहुंचना होगा। दूसरे दिन चार सितम्बर को दोपहर 12.30 बजे से 2 बजे तक रिहर्सल होगा। वहीं तीसरे दिन पांच सितम्बर को सुबह 11 से 12 बजे के बीच सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसी दिन दोपहर दो बजे सम्मानित शिक्षकों को विदाई दी जाएगी।
शिक्षिका जयंती ने बनाई विशिष्ट पहचान
जिला मुख्यालय जांजगीर के शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका जयंती दुबे ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे अपने स्कूल में अध्यापन के अलावा प्रतिदिन छात्राओं को योगाभ्यास भी करवाती हैं। इसके अलावा सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर भी छात्राओं की वे भरपूर मदद करती हैं। शिक्षकीय कार्य के लिए इन्हें पहले भी कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। राज्य शिक्षक सम्मान के लिए शिक्षिका जयंती के चयनित होने से शिक्षकों सहित उनके शुभचिंतकों में हर्ष व्याप्त है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें