सोमवार, 9 अक्टूबर 2017

बोनस की घोषणा से कांग्रेसियों का चमकता चेहरा हो गया फ्यूज बल्ब-डॉ. रमन, मुख्यमंत्री ने कहा- अन्नदाताओं को खुशहाल बनाने राज्य सरकार प्रतिबद्ध

राजेंद्र राठौर@जांजगीर-चांपा. प्रदेश के अन्नदाताओं को जब तक बोनस नहीं मिला था, तब तक कांग्रेसियों का चेहरा चमक रहा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशा-निर्देश पर राज्य सरकार ने जैसे ही बोनस देने की घोषणा की, वैसे ही उनका चेहरा फ्यूज बल्ब हो गया। राज्य गठन के बाद कांग्रेस ने तीन साल सत्ता की बागडोर संभाली, लेकिन इस अवधि में एक भी किसान को धान का बोनस नहीं दिया। भाजपा सरकार यदि किसानों को बोनस दे रही है तो कांग्रेसियों को इतनी तकलीफ आखिर क्यों हो रही है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कहते हैं कि डॉ. रमन चुनाव जीतने के लिए राजनीति कर रहे हैं। बोनस की घोषणा उसी राजनीति का हिस्सा है। मगर ये बता दें कि बोनस की घोषणा कोई राजनीतिक प्रपंच नहीं, बल्कि किसानों का हक है, जो उन्हें दिया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के सभी वर्ग के लोगों का दिल जीतकर लगातार तीन बार सरकार बनाई है। वोट बढ़ाने के लिए डॉ. रमन ने न कभी राजनीति की है और न आगे करेंगे। 

ये बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोमवार 9 अक्टूबर को जिला मुख्यालय जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में आयोजित बोनस तिहार समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज बहुत शुभ अवसर है, जब जिले के एक लाख 26 हजार किसानों को उनकी मेहनत का फल मिल रहा है। इतने किसान 121 करोड़ का बोनस प्राप्त कर आर्थिक रूप से न केवल समृद्ध बनेंगे, बल्कि आगामी दिनों में पडऩे वाले दीवाली त्योहार को हर्षोल्लास मनाएंगे और अपनी बेटियों के हाथ भी पीले कर सकेंगे। डॉ. रमन ने कहा कि बोनस को लेकर कांग्रेस पार्टी शुरू से ही राजनीति करती रही है। जब तक बोनस की घोषणा नहीं हुई थी, तब तक कांग्रेसियों का चेहरा चमक रहा था, लेकिन जैसे ही बोनस देने की घोषणा हमने की, उनका चेहरा फ्यूज बल्ब की तरह हो गया। असल में वे स्वयं नहीं चाहते कि प्रदेश के किसान खुशहाल और आर्थिक रूप से समृद्ध हों। क्योंकि मध्यप्रदेश से विभाजन के बाद जब छत्तीसगढ़ अलग राज्य बना, तब जनता ने सत्ता की बागडोर कांग्रेस को ही सौंपी थी। कांग्रेस ने अपने तीन साल के कार्यकाल में एक बार भी किसानों को बोनस नहीं दिया, परन्तु आज जब भाजपा सरकार बोनस देने जा रही है तो कांग्रेसियों को रास नहीं आ रहा है। वे काला झंडा दिखाकर सरकार का विरोध कर रहे हैं, लेकिन एक बात बता दूं कि उन्हीं कांग्रेसियों में से ज्यादातर ऐसे हैं जो आज इसी समारोह स्थल पर अपने हिस्से की बोनस की राशि प्राप्त करने के लिए पहुंचे हैं। बोनस से किसानों का हित होगा, यह बात उन्हें अच्छे से मालूम है, लेकिन उन्हें हर बात में राजनीति करनी है तो डॉ. रमन आखिर क्या कर सकता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पिछले 15 वर्षों से सत्ता पर है, जिसके कारण कांग्रेसियों की हालत खराब हो गई है। उन्हें अब इस बात की चिंता सताने लगी है कि चौथीं बार भी छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनना तय है। आगामी विधानसभा चुनाव में एक बात तो तय है कि प्रदेश से कांग्रेस का सूपड़ा निश्चित रूप से साफ हो जाएगा। 

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा को जब छत्तीसगढ़ में सत्ता की बागडोर संभालने का अवसर मिला, तब समर्थन मूल्य के अंतर्गत धान खरीदी को लेकर कोई नीति ही नहीं थी। भाजपा सरकार ने धान खरीदी की एक व्यवस्था बनाई, जिसके तहत प्रदेश के सभी किसानों की उपज का एक-एक दाना सरकार ने खरीदा। उसी का परिणाम है कि हाईस्कूल मैदान आज किसानों से खचाखच भरा हुआ है। किसानों के चेहरे की चमक यह स्पष्ट कर रही है कि वे खुश हैं। डॉ. रमन ने कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और राज्य सरकार ने मिलकर प्रदेश के सभी वर्ग के लिए योजनाएं बनाई हैं। उन सभी योजनाओं का लाभ सभी को मिल रहा है। आज इस कार्यक्रम के जरिए जहां बेटियों को साइकिल मिली है, वहीं श्रमिकों को सरकारी मदद तथा अन्य हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया है। आज सभी के चेहरे पर मुस्कान बिखर रही है। कोई चिंतित और परेशान नहीं है, क्योंकि उन सभी को मालूम है कि छत्तीसगढ़ सरकार उनके साथ है। समारोह को सांसद कमला पाटले, संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, सक्ती विधायक डॉ. खिलावन साहू ने भी संबोधित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया। वहीं मंच से ही उन्होंने कुछ किसानों को बोनस का भुगतान कर अन्य किसानों के खाते में बोनस की राशि ऑनलाइन हस्तांतरित की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें