शनिवार, 25 नवंबर 2017

मालखरौदा में जोगी ने भरी हुंकार, कहा-अबकी बार जकांछ की सरकार, जकांछ सुप्रीमो को देखने और सुनने उमड़ी भीड़

मालखरौदा. छत्तीसगढ़ की जनता प्रदेश में सत्तासीन भाजपा और प्रमुख विपक्षी दल कहलाने वाली कांग्रेस की कार्यप्रणाली से पूरी तरह से उब चुकी है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) प्रदेश में तीसरे मोर्चे के रूप में उभरी है। जकांछ को जिस तरह से लोगों का समर्थन मिल रहा है, उससे तय है कि प्रदेश में अगली सरकार इसी पार्टी की बनेगी। ये बातें प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के सुप्रीमो अजीत जोगी ने कही। वे शनिवार को विकासखंड मुख्यालय मालखरौदा में आयोजित आमसभा को संबोधित कर रहे थे। 
जकांछ सुप्रीमो जोगी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की डॉ. रमन सिंह नेतृत्व वाली सरकार पिछले 14 बरस से सत्तासीन है। इस सरकार ने प्रदेशवासियों को कई हसीन सपने दिखाए। कभी कहा किसानों को उनकी मेहनत के अनुरूप धान का समर्थन मूल्य और बोनस देंगे तो कभी बेरोजगारों को नौकरी देने का वायदा किया, लेकिन उनके एक भी वायदे आज तक पूरे नहीं हुए। प्रदेश में किसान, युवा, महिला, ग्रामीण सभी वर्ग के लोग पीडि़त और शोषित हैं। किसान और मजदूरों को उनका अधिकार नहीं मिल रहा है तो वही बेरोजगार नौकरी के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, क्या यही विश्वसनीय छत्तीसगढ़ है? उन्होंने आगे कहा कि जिस समय छत्तीसगढ़ अलग राज्य बना, उस समय प्रदेश में अकाल की स्थिति थी। उस स्थिति में मैंने प्रदेश के सत्ता की बागडोर संभाली, लेकिन हौसला कम नहीं हुआ। तीन साल के कार्यकाल में मैंने प्रदेश में नहरों का जाल बिछवाया और किसानों को उनके उपज का समर्थन मूल्य दिया, यही जोगी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि रही, जिसे प्रदेश की जनता आज भी याद करती है। जकांछ सुप्रीमो जोगी ने कहा कि वैसे तो प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल के रूप में कांग्रेस की पहचान होती है, लेकिन इस पार्टी के जिम्मेदारों ने विपक्ष की भूमिका आखिर कद हद तक निभाई है, यह बात भी किसी से छिपी नहीं है। प्रदेश की जनता इन दोनों पार्र्टियों की चाल-फरेब को अच्छे से समझ चुकी है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को उनका जायज हक दिलाने के उद्देश्य को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) बीते 15 नवंबर से पूरे प्रदेश में छत्तीसगढिय़ा अधिकार यात्रा चला रही है। पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर उनसे समर्थन मांग रहे हैं। साथ ही लोगों को उनके अधिकार से अवगत भी करवाया जा रहा है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को प्रदेशवासियों को जिस तरह समर्थन प्राप्त हो रहा है, उससे तय है कि प्रदेश में अगली सरकार हमारी होगी। जकांछ सुप्रीमो जोगी ने कहा कि यदि प्रदेश में हमारी सरकार बनेगी तो किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम, बेरोजगारों को नौकरी, अफसरशाही पर लगाम, भ्रष्टाचार का खात्मा, शिक्षाकर्मियों का संविलियन सहित उन सभी जरूरतों को पूरा किया जाएगा, जिसमें आमजनता का हित निहित है। इस दौरान जकांछ सुप्रीमो जोगी ने पूर्व मंत्री बेदराम को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। आमसभा के दौरान खास बात यह रही कि जकांछ सुप्रीमो जोगी को देखने और सुनने के लिए सभा स्थल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा था। आलम यह था कि सभा स्थल लोगों की भीड़ से खचाखच भरा हुआ था। इस दौरान जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की चंद्रपुर विधानसभा की प्रत्याशी गीतांजलि पटेल, सक्ती जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी-कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
 

कई लोगों ने किया जकांछ में प्रवेश

आमसभा के दौरान जनपद पंचायत मालखरौदा के सदस्य फुलेश चंद्रा, जनपद सदस्य रामिन सोनवानी, लालमणि पटेल, जनपद पंचायत मालखरौदा की अध्यक्ष सावित्री अजगल्ले के जेठ ललित अजगल्ले सहित कई लोगों ने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी सुप्रीमो जोगी ने उन्हें मंच पर आमंत्रित कर उनका स्वागत किया।
 

पूर्व मंत्री की मूर्ति का अनावरण टला

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के सुप्रीमो जोगी इस दौरान मालखरौदा स्थित शासकीय महाविद्यालय परिसर में पूर्व मंत्री बेदराम की मूर्ति का अनावरण करने वाले थे, लेकिन मूर्ति अनावरण को लेकर ग्राम पिहरीद के लोगों ने कुछ दिन पहले ही आपत्ति जताई थी। ग्रामीणों ने इस संबंध में राज्यपाल समेत शासन-प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था, जिसके कारण पूर्व मंत्री बेदराम की मूर्ति का अनावरण टल गया।

1 टिप्पणी: