शनिवार, 18 नवंबर 2017

एक-एक पैसे जुटाकर कुर्मी समाज ने बनवाई लौह पुरूष की विशाल प्रतिमा, केन्द्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में जनवरी माह में होगा अनावरण

राजेंद्र राठौर@जांजगीर-चांपा. ‘इस मिट्टी में कुछ अनूठा है, जो कई बाधाओं के बावजूद हमेशा महान आत्माओं का निवास रहा है’ ये विचार लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल के हैं, जिन्होंने समाज को एक नई दिशा प्रदान की है। लौह पुरूष सरदार पटेल के मुरीद जिले में बड़ी संख्या में हैं, जो उनके बताए रास्तों पर चलने के साथ ही उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने की तैयारी कर चुके हैं। सर्व कुर्मी समाज ने समाज के ही लोगों के बीच पहुंचकर एक-एक पैसे जुटाएं हैं और उन्हीं पैसों से लौह पुरूष सरदार पटेल की विशाल आदमकद प्रतिमा का निर्माण करवाया है। सरदार पटेल की उस विशाल प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम आगामी जनवरी माह में जिला मुख्यालय के पटेल उद्यान में संपन्न होगा, जिसमें केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल सहित कई मंत्री शिरकत करेंगे।

दरअसल, गुजरात की तर्ज पर जिला मुख्यालय जांजगीर में सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की कवायद एक साल पहले शुरू की गई थी। हालांकि, यह कवायद सर्व कुर्मी समाज के लोगों ने शुरू की थी, लेकिन उनके इस उल्लेखनीय कार्य में जिले सहित आसपास के जिलों के सभी समाज के लोगों ने जुडक़र अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। सर्व कुर्मी समाज ने सरदार पटेल की विशाल आदमकद प्रतिमा निर्माण के लिए राजनैनिक दलों से चंदा लेने के बजाय अपने बीच से ही एक-एक पैसे जुटाएं हैं। प्रतिमा निर्माण के लिए कुर्मी समाज के किसी परिवार ने एक बोरी सीमेंट भेंट की है तो किसी ने छड़ और रेत का दान किया है। वहीं कुछ लोगों ने नगद राशि भी प्रदान की है। इस तरह पाई-पाई जोडक़र लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा को आकार दिया गया है। इस प्रतिमा का अनावरण लौह पुरूष सरदार पटेल की जन्म जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2017 को कराने की योजना थी, लेकिन किन्हीं कारणों से ऐसा नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि लौह पुरूष सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण आगामी जनवरी माह में जिला मुख्यालय जांजगीर के सरदार पटेल उद्यान में होगा, जिसकी तैयारियों में सर्व कुर्मी समाज जुटा हुआ है। सर्व कुर्मी समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि सरदार पटेल की प्रतिमा अनावरण के गरिमामय कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल सहित अन्य केन्द्रीय मंत्री शामिल होंगे। समाज की ओर से उन्हें न्योता दिया गया है, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति प्रदान कर दी है। समाज के पदाधिकारियों ने आगे बताया कि प्रतिमा अनावरण का यह कार्यक्रम गैरराजनैतिक है, इसलिए इस कार्यक्रम में सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। उनकी ओर से आश्वासन भी मिला है, जिससे उनके कार्यक्रम में शिरकत करने की पूरी संभावना है। सर्व कुर्मी समाज प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को लेकर जिले सहित आसपास के जिलों में लगातार दौरा कर समाज के एक-एक परिवार से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का न्योता दे रहा है। न्योता पाने वाले लोग इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साहित हैं। सर्व कुर्मी समाज के पदाधिकारियों ने आगे बताया कि जिले में यह पहला अवसर होगा, जब जिला मुख्यालय जांजगीर के सरदार पटेल उद्यान में लौह पुरूष की विशाल आदमकद प्रतिमा स्थापित होगी। 

छह फीट के स्टेज पर स्थापित होगी नौ फीट की प्रतिमा

सर्व कुमी समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि समाज के लोगों से एक-एक पाई जुटाकर सरदार पटेल की नौ फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण कराया गया है। यह प्रतिमा छह फीट ऊंचे स्टेज पर स्थापित होगी। इस तरह स्टेज और प्रतिमा को मिलाकर कुल ऊंचाई 15 फीट होगी। इतनी ऊंची प्रतिमा जिले ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र में अब तक कहीं स्थापित नहीं हुई है। पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिमा निर्माण में करीब तीन लाख रुपए खर्च हुए हैं। सरदार पटेल की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने की यह योजना समाजिक एकता की वजह से ही संभव होने जा रही है।

जन-जन तक लौह पुरूष की गाथा पहुंचाना मुख्य उद्देश्य

अथरिया कुर्मी समाज के पदाधिकारी ब्यास कश्यप एवं अन्य लोगों ने बताया कि जब गुजरात में जनसहयोग से लौह पुरूष की प्रतिमा स्थापित हो सकती है तो यहां क्यों नहीं? इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सर्व कुर्मी समाज द्वारा जिले में लौह पुरूष की विशाल प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प लिया गया है। पदाधिकारियों ने बताया कि गुजरात के बाद यह पहला जिला होगा, जहां लौह पुरूष सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा जनसहयोग से स्थापित होने जा रही है। उन्होंने बताया कि विशाल प्रतिमा स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य लौह पुरूष की गाथा को जन-जन तक पहुंचाना है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें