शनिवार, 4 मार्च 2017

जिले में तीन हजार 403 एकड़ क्षेत्र में लगाए जाएंगे करीब 30 लाख पौधे

वन विभाग के प्रमुख सचिव मण्डल ने  की विभागीय योजनाओं की समीक्षा

जांजगीर चांपा.  वन एवं श्रम विभाग के प्रमुख सचिव एवं जिले के प्रभारी आरपी मण्डल ने आज यहां कलेक्टोरेेट में विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं और लोक सुराज अभियान की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। मण्डल ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिला अस्पताल में वर्तमान में हो रही डिलीव्हरी को 50 प्रतिशत और बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
 उन्होंने जिला अस्पताल में हर माह डेढ़ सौ डिलीव्हरी का लक्ष्य दिया है। बैठक में कलेक्टर डाॅ.एस.भारतीदासन, जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत, डीएफओ सतोविशा समाजदार, अपर कलेक्टर डीके सिंह और सुखनाथ अहिरवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।मण्डल ने कहा कि जांजगीर-चांपा जिले में वन क्षेत्र बहुत कम होने के कारण  यहां वृहद रूप से प्लांटेशन का कार्य किया जाएगा। स्कूल, आश्रम-छात्रावासों में भी आवश्यक रूप से मुनगा के पौधे लगाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यालयों में भी पौध रोपण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मण्डल ने वृक्षारोपण के साथ ही पौधों को जीवित रखने और उनके उचित रख-रखाव के लिए विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। डीएफओ सतोविशा ने बताया कि इस बार जिले में तीन हजार 403 एकड़ क्षेत्र में करीब 30 लाख पौधे लगाए जाएंगे, इनमें से 5 लाख पौधे बड़े (10 से 12 फीट) होंगे। पौधांे के उचित रख-रखाव के लिए वृक्षारोपण एरिया में फेंसिंग आदि की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
समग्र विकास योजना के अंतर्गत निर्माणधीन कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश
बैठक में प्रमुख सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना और समग्र विकास योजना की समीक्षा की। उन्होंने समग्र विकास योजना के अंतर्गत निर्माणधीन कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। मण्डल ने जिला खनिज मद में स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा की। कलेक्टर डाॅ. एस. भारतीदासन ने जिला खनिज मद के तहत स्वीकृत तालाबों के सौंदर्यीकरण कार्य, स्कूलों में बाउण्ड्रीवाल, मुक्तिधाम और स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों आदि की जानकारी दी। मण्डल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में सड़क नवीनीकरण का कार्य अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सौर सुजला योजना के तहत स्थापित सिंचाई पम्पों में पानी की उपलब्धता के बारे में कृषि विभाग और क्रेडा के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख सचिव मण्डल ने कहा कि सौर सुजला योजना के तहत स्थापित सिंचाई पम्प सफलता पूर्वक संचालित हो और किसानों को सभी मौसम में उनकी फसल के हिसाब से पानी मिलना सुनिश्चित हो, इन सभी बातों को ध्यान में रखकर कृषि विभाग के अधिकारियों को कार्य करना होगा। मण्डल ने राजस्व विभाग के अंतर्गत सीमांकन-नामांतरण, शिक्षा विभाग में डाॅ. एपीजे अब्दुल कलाम शिक्षा गुणवत्ता अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने लोक सुराज अभियान के तहत जिले में प्राप्त आवेदनों, उनके निराकरण और समाधान शिविरों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोक सुराज अभियान राज्य सरकार द्वारा जन हित में चलाया जा रहा विशेष अभियान है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें