जनदर्शन में आवेदन देकर सीपीएफ की राशि दिलाने की मांग
जांजगीर-चांपा. कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों ने नगरपालिका में अनुबंधित ठेकेदार और तत्कालीन सीएमओ द्वारा कर्मचारियों की सीपीएफ की राशि का आहरण व्यक्तिगत हित में करने की शिकायत की। इस आवेदन पर अपर कलेक्टर ने सीएमओ जांजगीर-नैला को जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर डीके सिंह ने जनदर्शन में जिलेवासियों से आवेदन प्राप्त कर उनके निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। जनदर्शन में जैजैपुर के ग्राम दतौद के रेशमलाल यादव ने अपनी पत्नी के हृदय रोग के इलाज के लिए मुख्यमंत्री जनदर्शन में स्वेच्छानुदान की राशि दस हजार रुपए दिलवाने के लिए आवेदन दिया। कोटाडबरी चाम्पा के गुलशन कुमार धैर्य और अजय कुमार खुंटे ने पीआईएल कम्पनी में इलेक्ट्रीशियन पद पर नौकरी दिलाने के लिए निवेदन करते हुए आवेदन में उल्लेख किया है कि पीआईएल द्वारा ग्राम कोटाडबरी को गोद लिया गया है। अपर कलेक्टर ने इन आवेदनों के निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। जनदर्शन में जैजैपुर के ग्राम जमड़ी के रोहित कश्यप और मल्दा की सेवती बाई कश्यप ने नि:शक्तता प्रमाण पत्र के साथ नि:शुल्क बस पास बनवाने के लिए निवेदन किया है। जैजैपुर के ही ग्राम अमोदा के नीयत रत्नाकर ने भू-अर्जन के प्रकरण में अपने जमीन का मुआवजा दिलाने, ग्राम जमड़ी की सावित्री कश्यप ने वर्ष 2011 के गरीबी रेखा की सूची में नाम जुड़वा कर आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। नगर पंचायत सारागांव की निवासी पदमा कश्यप ने कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग जांजगीर में वाहन चालक के रूप में पदस्थ उनके पति गिरीचंद कश्यप की मृत्यु के बाद अनुकम्पा नियुक्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कश्यप ने अपने आवेदन में इस बात का उल्लेख किया है कि वर्ष 2016 में सडक़ दुर्घटना में उनके पति की आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। इसी प्रकार अकलतरा की उषा कंवर ने वहीं के एक निवासी द्वारा उनकी भूमि पर बेजा-कब्जा करने की शिकायत की। जांजगीर के ग्राम मुनुंद की गुलापी बाई कश्यप और राधा बाई कश्यप सहित वहां के अनेक ग्रामीणों ने आबादी पट्टा दिलाने के लिए निवेदन किया। इसके अलावा अनेक ग्रामीणों ने समाज कल्याण विभाग में संचालित विभिन्न मासिक पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया। इन सभी आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें