चंद्रपुर की भाजपा पार्षद ने नपं अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
जांजगीर-चांपा. नगर पंचायत चंद्रपुर के हीरापुर मार्ग में देसी-विदेशी शराब दुकान खोलने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। शराब दुकान के लिए प्रस्तावित स्थल पर आपत्ति जताते हुए नपं के वार्ड क्रमांक पांच की भाजपा पार्षद ने नपं अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा है।नगर पंचायत चंद्रपुर के वार्ड क्रमांक पांच की पार्षद राधिका गुप्ता ने नपं अध्यक्ष को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत हीरापुर मार्ग में आगामी वित्तीय वर्ष से शराब दुकान खोलने पर परिषद द्वारा सहमति जताई गई है, जबकि प्रस्तावित स्थल पर कई स्कूल और अन्य सरकारी संस्थान संचालित हैं। इन संस्थानों में लोगों की आवाजाही होती है, जिससे आगामी दिनों में समस्या उत्पन्न हो सकती है। नगरवासियों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित स्थल पर शराब दुकान स्थापित किया जाना उचित नहीं होगा। पार्षद गुप्ता ने प्रस्तावित स्थल पर शराब दुकान खोले जाने को लेकर अपनी आपत्ति जताई है। नपं अध्यक्ष को सौंपे गए ज्ञापन में हीरापुर मोहल्ले के सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर किया है।
नपं अध्यक्ष पर आरोप
भाजपा पार्षद राधिका गुप्ता ने शराब दुकान के स्थल चयन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष किशन लाल देवांगन पर मनमानी बरतने का आरोप लगाया है। पार्षद गुप्ता का कहना है कि हीरापुर मार्ग में शराब दुकान खोलने का निर्णय नगरपंचायत के पीआईसी की बैठक में लिया गया है। पीआईसी के इस निर्णय से नगर के लोगों को परेशानी होना तय है।
आंदोलन की चेतावनी
ग्राम पंचायत गोपालपुर की सरपंच इन्द्रमति साहू ने इस मामले को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में सरपंच ने कहा है कि हीरापुर में शराब दुकान शुरू कराया जाना अनुचित है, क्योंकि वहां कई स्कूल और अन्य संस्थान संचालित हो रहे हैं। सरपंच ने तीन दिवस के भीतर आमजनों के हित में निर्णय नहीं लिए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी कलेक्टर को दी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें