नहरिया बाबा मंदिर मार्ग में प्रस्तावित शराब दुकान का भारी विरोध
मौके पर पहुंचे पुलिस और आबकारी अफसरों को आंदोलन की चेतावनी
जांजगीर-चांपा. जिला मुख्यालय जांजगीर के नहरिया बाबा मंदिर मार्ग में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए प्रस्तावित शराब दुकान के विरोध में मोहल्ले की महिलाओं ने गुरूवार को जमकर हंगामा किया। आक्रोशित महिलाओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि वे किसी भी हाल में नहरिया बाबा मंदिर मार्ग में शराब भट्ठी खुलने नहीं देंगी। मौके पर पहुंचे पुलिस और आबकारी अधिकारियों को महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विरोध के बाद भी प्रस्तावित स्थल पर शराब दुकान खोलने की कवायद की जाती है तो वे उग्र आंदोलन करने बाध्य होंगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय जांजगीर के वार्ड क्रमांक छह में आगामी वित्तीय वर्ष से शराब दुकान खोलने की तैयारी चल रही है। बताया जाता है कि आबकारी विभाग द्वारा शराब दुकान के लिए चयनित स्थल को जिला प्रशासन से हरी झंडी मिल गई है। प्रशासनिक स्वीकृति के बाद संबंधित स्थल पर भवन निर्माण करवाने की कवायद तेज कर दी गई है, जबकि वार्ड क्रमांक छह में घनी आबादी है। इसके बावजूद वहां शराब दुकान खोलने के लिए आवश्यक तैयारी किए जाने की जानकारी मिलने से मोहल्ले की महिलाएं आक्रोशित हैं। गुरूवार को प्रस्तावित स्थल का मुआयना करने आबकारी विभाग के अफसर पहुंचे हुए थे, जिसकी जानकारी मोहल्ले की महिलाओं को मिली। इसके बाद महिलाएं बड़ी संख्या में वहां एकत्रित हुई और हंगामा शुरू कर दिया। मामला गरमाता देख आबकारी अधिकारी ने कोतवाली थाने में सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने उनकी एक न सुनी। महिलाओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिस स्थल पर शराब भट्ठी खोलने की तैयारी की जा रही है, उसी मार्ग से श्रद्धालुजन नहरिया बाबा मंदिर दर्शन के लिए जाते हैं तथा आसपास घनी बस्ती है। शराब दुकान खुलने से आसपास का माहौल खराब होगा। महिलाओं ने कहा कि वे किसी भी सूरत में शराब भट्ठी खोलने नहीं देंगी। उनके विरोध के बाद भी यदि वहां शराब भट्ठी खोलने का प्रयास किया जाता है तो वे उग्र आंदोलन करने बाध्य होंगी। बहरहाल, महिलाओं के विरोध को देखते हुए आबकारी और पुलिस अमला वहां से लौट गया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें