शनिवार, 4 मार्च 2017

महफिल हुई रंगीन, जब मीता पंडित ने बांधा सुरो से समां

अकलतरा में एमबी रोकड़े स्मृति संगीत समारोह का आयोजन

जांजगीर-अकलतरा.
नगर के जानकीलाल लिखमानिया धर्मशाला में एमबी रोकड़े स्मृति संगीत समारोह कार्यक्रम में अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शास्त्रीय संगीत गायिका ग्वालियर राज घराना की डॉ. मीता पंडित ने अपने सुरों से देर रात तक समां बांधा। डॉ. मीता पंडित ने अपने मधुर सुर में गणपति वंदना प्रस्तुत किया। उनके साथ बिलासपुर से आए हुए राजेश मांदेकर ने तबले में मधुर स्वर एवं रायपुर से आए हुए हारमोनियम में भरत राणा द्वारा मनमोहक प्रस्तुति देने से शास्त्रीय संगीत के कार्यक्रम में चार चांद लग गया। 
खैरागढ़ संगीत विद्यालय से आए हुए गायक दिलीप रावत द्वारा देवी वंदना प्रस्तुत करते हुए अमूक हरणी दुष्ट दलनी सिंहवासिनी दुर्गे मां के साथ-साथ दही बेचन मैं न जाऊंगी वृंदावन नटवर करत रार रार के साथ-साथ आज जाने की जिद न करो यूं ही पहलू में बैठे रहो गजल गीत प्रस्तुत किया गया। खैरागढ़ संगीत विद्यालय से आए दीपक महंत द्वारा तबले की थाप से दर्शकों की खूब तालियां बटोरी गई। आयोजन समिति के रमेश सोनी द्वारा गीत प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। एमबी रोकड़े स्मृति संगीत समारोह में उपस्थित स्व. रोकड़े की धर्मपत्नी अम्बिका रोकड़े, आयोजन समिति के संतोष अग्रवाल, नवल अग्रवाल, अभिषेक मिश्रा द्वारा शास्त्रीय गायिका डॉ. मीता पंडित, राजेश मांदेकर, भरत राणा, दिलीप रावत एवं दीपक महंत का स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल शॉल भेटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के संयोजक संतोष अग्रवाल की माता परमेश्वरी देवी अग्रवाल का भी विशेष योगदान के लिए शॉल एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया। शुभारंभ अवसर पर पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि आयोजन समिति द्वारा नगर में विगत 15 वर्षों से शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन कर क्षेत्रवासियों को शास्त्रीय संगीत से जोड़े रखने का प्रयास किया जा रहा है। नगर में देश की सुप्रसिद्ध एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्रापत शास्त्रीय गायिका डॉ. मीता पंडित की प्रस्तुति नगर के लिए गौरव की बात है। नगरपालिका अध्यक्ष खुलन सोनवानी ने कहा कि इंसान की जिन्दगी में संगीत का विशेष महत्व होता है। बिना संगीत के हमारा जीवन निरस हो जाता है। देश के प्राचीन धरोहर शास्त्रीय संगीत को आयोजन समिति द्वारा संरक्षित एवं प्रचार-प्रसार का कार्य किया जा रहा है। आयोजन समिति बधाई के पात्र हैं। नगरपालिका उपाध्यक्ष मो. इमरान खान ने कहा कि गुरु शिष्य परम्परा का निर्वहन करते हुए संतोष अग्रवाल द्वारा अपने गुरु स्व. रोकड़े की स्मृति में प्रतिवर्ष संगीत समारोह का आयोजन कर गुरु को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा रही है। शास्त्रीय संगीत से आम लोग दूर होने के बाद भी नगर में राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शास्त्रीय संगीत गायिका डॉ. मीता पंडित द्वारा प्रस्तुति देना गौरव की बात है। कार्यक्रम में अम्बिका रोकड़े, रमेन्द्र सिंह चौहान, राधेश्याम शर्मा, सत्यनारायण लिखमानिया, डॉ. केआर अग्रवाल, रमेश सोनी मंचस्थ अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एल्डरमेन गोपेश तुलस्यान व आभार प्रदर्शन आयोजन समिति के संयोजक संतोष अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें