गुरुवार, 16 मार्च 2017

OMG! माशिमं के सचिव तक पहुंची लायंस स्कूल की शिकायत

स्कूल की मान्यता रोकने तथा दोषियों पर कार्यवाही की मांग

जांजगीर-चांपा. नगरपालिका क्षेत्र चांपा में संचालित लायंस हायर सेकेण्डरी स्कूल की शिकायत माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ रायपुर के सचिव तक पहुंची है। शिकायतकर्ता ने माशिमं के सचिव को साक्ष्य भेजकर स्कूल की मान्यता रोकने तथा दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की गुजारिश की है।
चांपा में संचालित लायंस हायर सेकेण्डरी स्कूल का जमीन संबंधी विवाद बड़ा रूप लेता जा रहा है। शिकायतकर्ता राकेश शर्मा ने सबसे पहले स्कूल प्रबंधन द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत नगरपालिका परिषद एवं कलेक्टोरेट में की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने जब चांपा एसडीएम से इस पूरे मामले की जांच करवाई तो कई चौकानें वाले तथ्य सामने आए। एसडीएम को नगरपालिका परिषद चांपा से जो प्रतिवेदन प्राप्त हुआ, उसके मुताबिक, स्कूल प्रबंधन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर स्कूल की ईमारत खड़ी की है। प्रतिवेदन में स्पष्ट किया गया है कि स्कूल प्रबंधन ने सार्वजनिक कुआं को पाटा है तथा शिशु उद्यान को उजाडक़र वहां भवन निर्माण करवाया है। एसडीएम द्वारा कलेक्टर को जांच प्रतिवेदन सौंपे जाने के बाद से यह मामला तूल पकड़ता ही जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले नगरपालिका में आयोजित पीआईसी की बैठक में यह मुद्दा जोरशोर से उठा था, तब अवैध निर्माण को वैध करने पूरजोर कोशिश की गई। लायंस स्कूल प्रबंधन नगरपालिका परिषद को क्षतिपूर्ति राशि देने को भी तैयार हो गया था, लेकिन पीआईसी सदस्यों ने आपत्ति जताई। नतीजतन, लायंस स्कूल प्रबंधन की एक न चली। स्कूल प्रबंधन से जुड़ा यह मामला कलेक्टर कोर्ट में चल रहा है। इधर, शिकायतकर्ता राकेश शर्मा ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव को शिकायत भेजकर स्कूल की मान्यता पर रोक लगाने का आग्रह किया है। शिकायतकर्ता शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा है कि लायंस स्कूल अवैध रूप से संचालित हो रहा है। इस स्कूल के संचालकों के ऊपर चांपा के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में अवैध स्वामित्व प्रमाण पत्र बनाने तथा शासकीय कार्यालय को गुमराह करने जैसे मुद्दों को लेकर परिवाद दायर किया गया है। न्यायालय के आदेश पर चांपा पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस स्कूल प्रबंधन ने माशिमं के मान्यता खंड को गुमराह कर मान्यता हासिल की है, जिसे हर वर्ष बढ़वाई जा रही है। शिकायतकर्ता शर्मा ने न्यायालय के निर्णय आते तक स्कूल की मान्यता पर रोक लगाने की गुजारिश माशिमं के सचिव से की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें