जांजगीर-चाम्पा. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित कक्षा दसवीं की परीक्षा में इस वर्ष जिले का परिणाम 57.62 प्रतिशत रहा। जिले से कुल 33 हजार 669 विद्यार्थी इस परीक्षा शामिल हुए थे, जिनमें से 18 हजार 965 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
इनमें आठ हजार 723 बालक और 10 हजार 242 बालिकाएं शामिल हैं। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी बेटियों ने अपना दबदबा कायम रखा और अच्छे अंक लाते हुए बेटे को पीछे छोड़ दिया। जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर जीपी भास्कर ने बताया कि दसवीं में बालिकाओं का परीक्षा परिणाम 59.27 प्रतिशत और बालकों का 55.79 प्रतिशत है। जिले की दो हजार 277 बालिकाएं और दो हजार 120 बालक प्रथम श्रेणी के साथ दसवीं की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं। इसी तरह तीन हजार 860 बालिकाएं और दो हजार 964 बालक द्वितीय श्रेणी तथा चार हजार 45 बालिकाएं और तीन हजार 562 बालक तृतीय श्रेणी के साथ उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि सात बालिकाएं और 77 बालक केवल उत्तीर्ण हुए हैं।
कलेक्टर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले बच्चों को दी बधाई
दसवीं बोर्ड की परीक्षा में टॉप टेन में स्थान हासिल करने वाले अमन, विवेक, सुमीत और तृप्ति को कलेक्टर डॉ.एस भारतीदासन ने शुभकामनाएं दी हैं। कलेक्टर ने कहा है कि इन होनहार बच्चों ने लगन और मेहनत से दसवीं बोर्ड की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रौशन किया है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की है। उल्लेखनीय है कि ग्राम कटेकोनी के अमन कुमार ने 97.33 प्रतिशत हासिल कर दसवीं बोर्ड की परीक्षा में टॉप टेन में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इसी प्रकार चाम्पा के विवेक कुमार ने 97 प्रतिशत प्राप्त कर पांचवां, नैला-जांजगीर के सुमित नायक और चंद्रपुर की तृप्ति देवांगन ने 96.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप टेन में नौंवा स्थान हासिल किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें