शुक्रवार, 21 अप्रैल 2017

किसान के बेटे ने किया टॉप, कलेक्टर बनना चाहता है दसवीं बोर्ड का टॉपर अमन कुमार

डभरा. विकासखंड अंतर्गत ग्राम कटेकोनी के अमन कुमार पिता राजकुमार ने छग माशिमं द्वारा आयोजित कक्षा दसवीं की परीक्षा में 584 अंक अर्जित करते हुए 97.33 प्रतिशत हासिल किया है। इनका नाम टॉप टेन सूची में तीसरे क्रम पर है। होनहार छात्र अमन का कहना है कि वह उच्च शिक्षा ग्रहण कर कलेक्टर बनना चाहता है। 

छात्र अमन ने बताया कि डभरा क्षेत्र के छोटे से गांव कटेकोनी में रहकर उसने अच्छी शिक्षा ग्रहण की और 584 अंक अर्जित कर टॉप टेन सूची में अपना नाम दर्ज किया। उसका कहना है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से कोई भी मुकाम तक पहुंचा जा सकता है। उसने बताया कि सामान्य परिवार में रहकर 97 प्रतिशत अंक अर्जित करते हुए टॉप टेन सूची में नाम दर्ज कराना काफी कठिन था, लेकिन घंटों की मेहनत से यह आसान हुआ। शुक्रवार की सुबह जब परीक्षा परिणाम जारी हुआ और उसका नाम टॉप टेन सूची में दर्ज होने की सूचना मिली तो वह खुशी से फूले नहीं समाया। उसकी इस उपलब्धि पर परिजन भी काफी प्रसन्न हैं। 

अमन के पिता राजकुमार ने ‘दैनिक नवीन कदम’ संवाददाता से चर्चा में कहा कि वे खेती-किसानी करके अपने बच्चे की पढ़ाई पूरी करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमन जहां भी रहकर पढ़ाई करना चाहेगा, उसके लिए वे तत्पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि अमन की यह उपलब्धि उनके तथा परिवार के लिए काफी मायने रखती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें