जांजगीर-चांपा. खाद्य सुरक्षा विभाग टीम द्वारा बारिश के दिनों में होने वाली बीमारी की रोकथाम के लिए शहर के होटल, डेयरी व दुकान में बिकने वाले खाद्य पदार्थो की जांच की गई और संचालकों को फटकार लगाते हुए पर्याप्त साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए।
बारिश के दिनों में होटलों सहित ठेला गुमटियों में धड़ल्ले से मिलावटी व दूषित खाद्य पदार्थो की बिक्री हो रही है। वहीं होटल व दुकान संचालकों द्वारा अधिक मुनाफा कमाने के चलते दूषित खाद्य पदार्थो को ग्राहकों को बेचा जा रहा है। इसके चलते आए दिन उल्टी-दस्त होने की शिकायत बनी है। बारिश के मौसम में होने वाली बीमारी की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में बिकने वाले खाद्य पदार्थो की जांच की गई। टीम द्वारा शहर के ओम स्वीट्स का निरीक्षण किया गया, जहां गंदगी पाए जाने पर होटल संचालक को पर्याप्त साफ-सफाई तथा स्वच्छ पानी सहित ग्राहकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वहीं टीम द्वारा यहां बिकने वाले जेडी बटर स्पेशल ब्राण्ड ब्रेड का सैम्पल लिया गया। इसी तरह मुकेश डेयरी से अनमोल बटरबाइट बिस्कुट व केरा रोड स्थित पूजा ट्रेडर्स से लाल गुलाब ब्राण्ड सरसों तेल का सैम्पल लेकर प्रयोगशाला भेजा गया। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत बघेल ने बताया कि बारिश के मौसम में अधिकांश दुकान संचालकों द्वारा दूषित खाद्य पदार्थो को बेचा जाता है। दूषित खाद्य पदार्थो की बिक्री की रोकथाम के लिए शहर के तीन होटल दुकान में बिकने वाले खाद्य पदार्थो की जांच की गई और सैम्पल लेकर प्रयोगशाला भेजा गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें