जांजगीर-चांपा. कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन तथा उनके मातहतों का दावा है कि राजस्व विभाग की टीम जिले भर में अभियान चलाकर शासकीय भूमि को लगातार अतिक्रमणमुक्त कर रही है, लेकिन बिरगहनी चौक में स्थित बेशकीमती शासकीय भूमि पर एक व्यवसायी द्वारा किया गया अतिक्रमण कलेक्टर तथा उनके मातहतों के दावों की पोल खोलने काफी है। इस मामले की शिकायत होने के बाद भी जांजगीर तहसीलदार हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं, जो समझ से परे है।
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-49 पर स्थित ग्राम बिरगहनी में खसरा नंबर 1131/1 की 10.784 हेक्टेयर सरकारी भूमि अवस्थित है। इस भूमि पर मोहन मित्तल नामक एक रसूखदार व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण किया गया है। उसने बिरगहनी चौक से एनएच 49 होते हुए लछनपुर चौक तक अवस्थित शासकीय भूमि पर करीब सौ दुकान व मकानों का निर्माण कराया है। संबंधित व्यक्ति सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से बनाई गई दुकानों को मोटी रकम लेकर किराए पर दे दी है। इस मामले की शिकायत कुछ दिनों पहले कलेक्टर तक पहुंची थी, जिस पर कलेक्टर ने जांजगीर तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार ने अपने अमले के साथ मौका मुआयना कर राजस्व दस्तावेजों का परीक्षण किया, जिससे स्पष्ट हो गया कि वहां अवस्थित शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा का दुकान का निर्माण करवाया गया है। इसके बावजूद, तहसीलदार ने अब तक शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटवाकर लाल झण्डा नहीं लगवाया है। दूसरी ओर, जिले में पदस्थ राजस्व अधिकारियों की मानें तो कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले भर में अभियान चलाकर शासकीय भूमि पर हुए अतिक्रमण को प्राथमिकता के साथ हटवाया जा रहा है। अफसरों की मानें तो खेती के लिए शासकीय भूमि में जुताई करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को बम्हनीडीह के अतिरिक्त तहसीलदार आशीष सक्सेना की उपस्थिति में ग्राम बिर्रा में जेसीबी द्वारा 25 एकड़ जमीन से मेढ़ तोडक़र शासकीय भूमि को समतल भी किया गया है। वहीं इस भूमि के कुछ भाग में ट्रेक्टर से चल रहे जुताई कार्य को रूकवाया गया है और ट्रेक्टर जब्त कर थाने के सुपुर्द किया गया है। उस भूमि पर लाल झण्डा भी लगवाया गया है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि उन्हीं अधिकारियों की नजर बिरगहनी की शासकीय भूमि पर हुए अतिक्रमण पर आखिरकार क्यों नहीं पड़ रही है या फिर संबंधित अफसरों की मिलीभगत से रसूखदार व्यक्ति उस शासकीय भूमि पर दुकान निर्माण कराकर किराया वसूल रहा है।
गरीबों को किया जा रहा बेघर
कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन के निर्देश पर जिलेभर में बेजाकब्जा हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। गांवों में अवस्थित छोटी-मोटी भूमि से अतिक्रमण हटाकर वाहवाही लूटी जा रही है। वहीं अभियान के नाम पर गरीबों को बेघर किया जा रहा है, लेकिन बिरगहनी चौक में अवस्थित भूमि से अतिक्रमण हटाने मामले में जिला प्रशासन का रवैया अलग प्रतीत हो रहा है। इससे संभावना जताई जा रही है कि जिम्मेदार अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति से सेटिंग कर अपनी जेबें भर ली है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें