शुक्रवार, 21 अप्रैल 2017

शहर के कई डाक्टरों के सेवाभाव से हुआ प्रभावित, डॉक्टर बनकर सेवा करना चाहता है टॉपर विवेक

चांपा. माशिमं की टॉप टेन सूची में अपना नाम दर्ज करवाने वाला चांपा निवासी होनहार छात्र विवेक पिता भूपेन्द्र रात्रे डॉक्टर बनकर देश और समाज की सेवा करना चाहता है। ‘दैनिक नवीन कदम’ संवाददाता से चर्चा में उसने बताया कि बचपन से ही उसके मन में डॉक्टर बनकर देश और समाज सेवा करने की ललक है, जिसे लक्ष्य बनाकर वह आगे बढ़ रहा है। 

उसने बताया कि शहर के कई डॉक्टरों के सेवाभाव से वह काफी प्रभावित है। इसीलिए उसने डॉक्टर बनने का दृढ़ संकल्प लिया है, जिसका पहला पड़ाव उसने दसवीं बोर्ड की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर तय किया है। होनहार छात्र विवेक ने बताया कि उसने 582 अंक के साथ 97 प्रतिशत अर्जित किया है। छात्र विवेक का कहना है कि पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई की जाए तो निश्चित ही अच्छे मुकाम पर पहुंचा जा सकता है। वहीं विवेक के पिता भूपेन्द्र कुमार रात्रे ने बताया कि उनका पुत्र कक्षा बारहवीं की पढ़ाई पूरी करके डॉक्टर बनना चाहता है। 

उन्होंने बताया कि वे तथा उनकी पत्नी यानी विवेक की मां शिक्षक हैं, इसलिए वे अपने पुत्र को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढऩे सदैव मदद करते हैं। शुक्रवार की सुबह परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विवेक के घर शहर के लोग बड़ी संख्या में बधाई देने पहुंचे। सभी ने विवेक की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई तथा कहा कि यह शहर ही नहीं, अपितु पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें