शुक्रवार, 21 अप्रैल 2017

साफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता है सुमित, दसवीं बोर्ड की परीक्षा में हासिल किया नौवां रैंक

जांजगीर. टॉप टेन सूची में शामिल छात्र सुमित नायक की साफ्टवेयर इंजीनियर बनने की तमन्ना है। इस छात्र ने दसवीं बोर्ड की परीक्षा में 578 अंक के साथ 96.33 प्रतिशत अर्जित करते हुए नौवां रैंक हासिल किया है। 


जिला मुख्यालय जांजगीर निवासी छात्र सुमित नायक पिता रामस्वरूप नायक सरस्वती शिशु मंदिर नैला का छात्र है। शुक्रवार की सुबह जब दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी हुआ और सुमित का नाम टॉप टेन सूची में दर्ज होने की सूचना मिली तो सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यापक समेत शहर के कई गणमान्य नागरिक उसके घर पहुंचे और उसकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए सुमित को बधाई दी। इसके बाद विद्यालय में भी छात्र की इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया, जहां सभी अध्यापकों ने सुमित का मुंह मिठा कराकर अपनी खुशी का इजहार किया। 

शुक्रवार को पूरे दिन उसके घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। ‘दैनिक नवीन कदम’ संवाददाता से चर्चा में उसने बताया कि वह आगे चलकर साफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता है। इसके लिए वह अभी से तैयारी में जुटा हुआ है। उसने बताया कि वह लगातार आठ घंटे तक पढ़ाई करता था, जिसके कारण दसवीं बोर्ड की परीक्षा में उसके अच्छे अंक आए हैं। उसकी इस उपलब्धि पर परिजनों ने भी खासी प्रसन्नता जताई है। परिजनों का कहना है कि वे सुमित को उसके मुकाम तक पहुंचाने हरसंभव प्रयास करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें