चंद्रपुर. दसवीं बोर्ड परीक्षा की टॉप टेन सूची में नौंवा स्थान बनाने वाली तृप्ति देवांगन भी कलेक्टर बनकर देश और समाज का सेवा करना चाहती है। इस होनहार छात्रा ने 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 578 अंक के साथ 96.33 प्रतिशत अर्जित किया है।
तृप्ति देवांगन सरस्वती शिशु मंदिर चंद्रपुर की छात्रा है। ‘दैनिक नवीन कदम’ संवाददाता से चर्चा में उसने बताया कि टॉप टेन सूची में उसका नाम दर्ज होने की जानकारी उसे अपने रिश्तेदार और परिचितों के जरिए मिली। इस खबर से वह फूले नहीं समाई। उसके साथ परिजन भी खुशी से झूम उठे। टॉप टेन सूची में उसका नाम होने की खबर शहर में कुछ ही देर में फैल गई और फिर उसके घर बधाई देने आने वालों का तांता लग गया। उसने बताया कि वह आगे चलकर कलेक्टर बनना चाहती है। इसके लिए उसने तैयारी शुरू कर दी है।
उसने अपनी सफलता का श्रेण माता-पिता तथा परिजनों को दिया है। उसका कहना है कि इस सफलता के पीछे उसके दोस्तों की भी अहम भूमिका है। तृप्ति के पिता सीताराम देवांगन तथा माता रूखमणी देवांगन ने बताया कि वे कोसा व्यवसाय कर अपनी पुत्री को अच्छी शिक्षा देने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि उनकी पुत्री अच्छे मुकाम तक पहुंचकर उनका तथा नगर का नाम रौशन करे। उसके माता-पिता ने बताया कि भले ही वे मध्यमवर्गीय परिवार से हैं, लेकिन वे तृप्ति को ऊंचे मुकाम तक पहुंचाने कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। वहीं छात्रा तृप्ति ने भी उनके सपनों को पूरी करने की बात कही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें