अकलतरा. जिला जेल जांजगीर से पेशी के लिए सोमवार को अकलतरा कोर्ट गया हत्या के प्रयास का एक मुलजिम पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के मंगला चौक निवासी साबित खान के खिलाफ अकलतरा थाने में भादवि की धारा 307 के तहत अपराध दर्ज है। लंबे अरसे से फरार रहने का बाद बड़ी मुश्किल से पिछले साल यह आरोपी पुलिस की पकड़ में आया था। कोर्ट के आदेश पर इस जिला जेल जांजगीर में निरूद्ध किया गया था। सोमवार को अकलतरा स्थित न्यायालय में इसी मामले में पेशी निर्धारित थी, जिसके लिए पुलिसकर्मी उसे अकलतरा स्थित न्यायालय लेकर गए थे। पेशी होने के बाद आरोपी साबित खान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अपने साथी की साथ बाइक पर बैठ कर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी साबित खान पर अकलतरा में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज है और उसी मामले की सुनवाई के लिए उसे अकलतरा स्थित व्यवहार न्यायालय लाया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार होने के मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस नाकेबंदी कर आरोपी साबित खान की तलाश में जुटी हुई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें