जांजगीर-चांपा. जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पास स्थित धार्मिक स्थल तथा आस्था के केन्द्र नहरिया बाबा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ट्रेक के उपर फूट ओव्हरब्रिज (एफओबी) निर्माण की मांग विधायक मोतीलाल देवांगन ने की है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक बिलासपुर तथा मंडल रेल प्रबंधक को अलग-अलग मांग पत्र भी प्रेषित किया है।
पत्र में विधायक मोतीलाल देवांगन ने कहा कि जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पास क्षेत्र का सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल तथा लोगों की आस्था का केन्द्र नहरिया बाबा मंदिर स्थित है। इस मंदिर में मंगलवार एवं शनिवार के अलावा अन्य धार्मिक पर्वों पर लोग बजरंगबली नहरिया बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिन्हें मंदिर जाने के लिए रेलवे ट्रेक पार करना पड़ता है। चूंकि यह रेलवे ट्रेक हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर स्थित है। इसलिए इस पर यात्री ट्रेेनों के अलावा गुड्स ट्रेेनों का भी लगातार आवागमन बना रहता है। ऐसे में रेलवे ट्रेक पार करने वाले श्रद्धालुओं के साथ कभी भी कोई हादसा हो सकता है। इसे देखते हुए विधायक देवांगन ने नहरिया बाबा मंदिर के सामने रेलवे ट्रेक के उपर फूट ओव्हरब्रिज (एफओबी) निर्माण स्वीकृत किए जाने की मांग की है, जिससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ट्रेक पार करने में सुविधा मिल सके। साथ ही जोखिम भी समाप्त किया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें