शुक्रवार, 21 अप्रैल 2017

प्राधिकरण सचिव विभा के स्थानांतरण पर दी गई विदाई, जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सचिव के कार्यकाल को बताया उल्लेखनीय

जांजगीर-चांपा. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा की सचिव विभा पाण्डेय का न्यायिक जिला स्थापना दुर्ग अंतर्गत भिलाई-3 में वरिष्ठ व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-एक के पद पर स्थानांतरित होने पर शुक्रवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश श्रीवास्तव द्वारा की गई।

इस अवसर पर न्यायिक जिला स्थापना जांजगीर-चांपा में हाल ही में मुख्य न्यायिक मजिस्टे्रट से पदोन्नत होकर तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जांजगीर के पद पर पदस्थ हुई पूजा जायसवाल भी उपस्थित रही। कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा के समस्त स्टॉफ  एवं कार्यालय जिला एवं सत्र न्यायालय जांजगीर-चांपा के स्टॉफ  द्वारा विभा पाण्डेय को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनके कार्यो की प्रशंसा की गई। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा आर्शीवचन व मार्गदर्शन रूपी वक्तव्य के माध्यम से सभी को जीवन में सदा आगे बढऩे की ओर प्रेरित किया गया। इसके बाद अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पूजा जायसवाल द्वारा भी विभा पाण्डेय के कार्यकाल की सराहना की । उन्होंने बताया कि किस प्रकार सचिव के पद पर पदस्थापना के दौरान आए अनेक समस्याओं के बावजूद उन्होंने एक महिला होते हुए भी इस न्यायिक जिला स्थापना के अन्तर्गत समस्त बाह्य 8 व्यवहार न्यायालयों में विधिक सेवा कार्यक्रम से संबंधित कार्यो का न सिर्फ  सफलतापूर्वक निर्वहन किया, अपितु उन्होंने अनेक ऐसे उल्लेखनीय व सराहनीय कार्य किए, जो हमेशा अन्य लोगों के लिए विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण के लिए एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किए जाएंगे। 

अन्त में विभा पाण्डेय ने समस्त वरिष्ठ एवं कनिष्ठ न्यायाधीशों, न्यायिक कर्मचारियों विशेष रूप से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में पदस्थ कर्मचारियों का विशेष आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन्हें जिस प्रकार का सहयोग समस्त अधिकारियों एव कर्मचारियों से प्राप्त हुआ है, उन्हीं के बदौलत आज वे प्रगति के सोपान में आगे बढी है एवं भविष्य में भी वे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा हमेशा करती रहेंगी। 

उन्होंने विशेष रूप से न्यायिक जिला स्थापना जांजगीर-चांपा के समस्त मीडियाकर्मियों, समाचार पत्रों के ब्यूरो चीफ, पैनल अधिवक्ताओं एवं पैरालीगल वालेटीयर्स का आत्मिक रूप से आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के प्रति अपनी कृतज्ञता जाहिर की। विदाई समारोह में जिला एवं सत्र न्यायालय जांजगीर-चांपा के प्रशासनिक अधिकारी वीके वर्मा, कोर्ट मैनेजर, डॉ. विनोद कुमार भास्कर, न्यायिक कर्मचारी संघ के कार्यवाहक सचिव कुशाल बागड़े, सांख्यिकीय लिपिक टीकाराम पटेल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। विदाई कार्यक्रम के आयोजन की सफल व्यवस्था जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टेनोग्राफर अमरेश श्रीवास्तव एवं भगवानु प्रसाद वारे द्वारा की गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें