मंगलवार, 18 अप्रैल 2017

सीजेएम पूजा जायसवाल को मिली पदोन्नति, तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश हुई नियुक्त

जांजगीर-चांपा. उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ द्वारा हाल ही में किए गए न्यायधीशों के तबादले के तहत न्यायिक जिला स्थापना जांजगीर-चांपा के अंतर्गत पदस्थ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पूजा जायसवाल को पदोन्नत कर जिला एवं सत्र न्यायालय जांजगीर-चांपा में तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। 


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दंतेवाड़ा की सचिव उदय लक्ष्मी परमार को न्यायिक जिला स्थापना जांजगीर-चांपा में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर पदस्थ किया गया है। इसी प्रकार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा की सचिव विभा पाण्डेय को न्यायिक जिला स्थापना दुर्ग के अंतर्गत भिलाई-तीन में वरिष्ठ व्यवहार न्यायाधीश वर्ग एक के पद पर नियुक्त किया गया है। इसी तरह न्यायिक जिला स्थापना सूरजपुर में पदस्थ प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संतोष कुमार आदित्य को एफटीसी कोर्ट जांजगीर में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया गया है। 

न्यायिक जिला स्थापना बिलासपुर में व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-दो के पद पर पदस्थ दिल्ली सिंग बघेल को न्यायिक जिला स्थापना जांजगीर-चांपा के अंतर्गत नवागढ़ तहसील में व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-दो के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा उच्च न्यायालय द्वारा लोकेश पाटले व मंजूषा टोप्पो को जिला एवं सत्र न्यायालय जांजगीर-चांपा में प्रशिक्षु व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-दो के पद पर पदस्थ किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें