जांजगीर-चांपा. ग्राम करहीडीह में अवस्थित एक जमीन का सौदा महिला ने भूमि स्वामी से किया। बात पक्की होने पर उसने भूमि स्वामी को एडवांस रकम भी दे दी। इतना कुछ होने के बाद भूमि स्वामी ने उक्त जमीन दूसरे को बेच दी और अब एडवांस रकम लौटाने में आनाकानी कर रहा है। इसकी शिकायत पीडि़त महिला ने कलेक्टर से की है।
अकलतरा तहसील के ग्राम पड़रिया निवासी जानकी सोनझरी ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसने ग्राम करहीडीह की जमीन खसरा नंबर 1/95 रकबा तीन एकड़ को खरीदने का सौदा उमेंद सिंह पिता सुनहर सिंह से किया था। एडवांस बतौर सात लाख रुपए उसने उमेंद को दिया था, जिसका इकरारनामा उसके पास है। कुछ समय बाद उमेंद सिंह द्वारा जमीन को फूलसिंह गोंड़ के पास बेच दिया गया। जब उसने उमेंद सिंह से संपर्क किया तो उसने सात लाख रुपए वापस देने की बात कही है, लेकिन अब तक उसने राशि नहीं लौटाई है। महिला ने बताया कि उसने तहसीलदार के न्यायालय में प्रमाणीकरण पर आपत्ति भी दर्ज कराई है और अब तक प्रमाणीकरण नहीं हुआ है। महिला ने उमेंद सिंह व जमीन बिक्री में संलग्न दलाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें