जांजगीर-चांपा. गेवरारोड-बिलासपुर लोकल ट्रेन से महिला यात्री के दो लाख रुपए के गहने पार हो गए। चोरों ने लेडिस पर्स में रखे गहने को चेन खोलकर पार कर दिया। यात्री की लिखित शिकायत के आधार पर बिलासपुर जीआरपी ने अपराध पंजीबद्ध किया है।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी सरला सिंह पति मनोज सिंह गेवरारोड-बिलासपुर लोकल ट्रेन से बिलासपुर आ रही थी। ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण उसने बैग को सीट के नीचे रखा था। पर्स वह अपने पास ही रखी थी। इसमें अंदर आधा व डेढ़ तोले के टॉप्स, 22 ग्राम मंगल सूत्र समेत 6 तोले के सोने के गहने रखे हुए थे। ट्रेन अपने तय समय पर सुबह 10.20 बजे के करीब बिलासपुर पहुंची। महिला यात्री ट्रेन से उतरकर सिटी बस में बैठ गई। इस दौरान जैसे ही पर्स खोलकर देखी तो अंदर रखे गहने के बॉक्स गायब थे। उन्होंने इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को दी। सदस्यों के सुझाव पर ही वह वापस जीआरपी थाने पहुंची और घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। महिला यात्री की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। चोरी चांपा से बिलासपुर के मध्य होने की बात कही जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें