मंगलवार, 2 मई 2017

नहर में बह रही पतली धार, नहीं भरे तालाब, दस दिन और पानी दिए जाने की मांग हुई मुखर

डभरा. मिनीमाता हसदेव बांगों नहर में तालाबों को भरने के लिए 10 अप्रैल को पानी छोड़ा गया था, लेकिन डभरा ब्लॉक टेल होने के कारण नहर में बहुत कम पानी आ रहा है, जिसके कारण तालाब नहीं भर पाए हैं। क्षेत्र के लोगों ने कम से कम 10 दिन और पानी देने की मांग की है, ताकि सूखे तालाबों को भरा जा सके। विधायक प्रतिनिधि हेमन्त पटेल का कहना है कि वे अधिकारियों से और समय बढ़ाने के लिए बात कर रहे हैं, ताकि इस भीषण गर्मी में सूखे तालाबों को भरा जा सके।

डभरा क्षेत्र की नहरों में पिछले कई दिनों से ही बहुत ही कम पानी आ रहा है, जिससे पानी मुश्किल से तालाबों में रिसना शुरू हुआ है। तालाब अभी नहीं भरने से मई, जून में पानी के लिए हाहाकार मच जाएगा, क्योंकि बोराई नदी भी सूख गई है। महानदी में भी धार नहीं के बराबर है और साराडीह बैराज के पूर्ण नहीं होने के कारण पानी का भराव नहीं हो पा रहा है, जिससे क्षेत्र के हैण्डपम्प सूख गए हैं और तालाब में पानी नहीं होने के कारण लोगों के साथ ही जानवरों को नहाने-धोने के लिए भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और लोगों ने शासन से नहर में भरपूर पानी छोडऩे तथा समय को बढ़ाने की मांग की है। 

डभरा, कुसुमझर, बसंतपुर, केनाभांठा नवापारा (ड), बरभांठा, भेड़ीकोना, उपनी, सकराली में मात्र एक दिन नहीं के बराबर पानी आया, फिर बंद हो गया, जिससे इस क्षेत्र में अभी से पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। यहां के लोगों ने क्षेत्रीय नेताओं और बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष मुरारी लाल दुबे से बात की तो उन्होनें जिला अध्यक्ष से चर्चा कर नहर में पुन: पानी डभरा क्षेत्र के लिए खुलवाने का आश्वासन दिया है। बीजेपी युवा मोर्चा के महामंत्री सतीश चन्द्रा ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव एवं कलेक्टर से निवेदन कर पुन: नहर का पानी डभरा क्षेत्र के तालाबों को भरने के लिए खुलवाने का प्रयास किया जाएगा। यदि पानी नहर में नहीं छोड़ा गया तो इसके लिए आंदोलन भी किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें