जांजगीर-चांपा. जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के सुप्रीमो तथा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने प्रखर वक्ता एवं अपने सबसे करीबी गिरधारी यादव को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) में गौ सेवक विभाग के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है। इस पद पर यादव की नियुक्ति से जिले समेत पूरे प्रदेश में हर्ष व्याप्त है। ज्ञात हो कि गिरधारी यादव जोगी खेमे के पुराने सहयोगी माने जाते हैं। इन्होने जोगी की पार्टी बनने से पूर्व ही छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव पद से इस्तीफा देकर अजीत जोगी का सच्चा समर्थक होने का परिचय दिया था।
यादव ने अपनी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति और प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी के लिए पार्टी के सुप्रीमो अजीत जोगी, विधायक अमित जोगी सहित लोकसभा प्रभारी चंद्रिका साहू का आभार व्यक्त किया है। अपनी नियुक्ति को बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए गिरधारी यादव ने कहा कि गाय देश के लिए बड़ा विषय है, लेकिन भाजपा के लिए समस्या बन गई है। क्योंकि उसके ही मंत्री गौ मांस खाने को गौरव की अनुभूति के रूप मे देखकर इसे अपनी संस्कृति कहने से नहीं चूकते हैं। एक तरफ गौ इनकी माता है तो दूसरी तरफ इनके ही कुछ मंत्रियों का रुचिपूर्ण आहार है। यादव ने कहा कि गाय, गांव, गंगा और रोटी जैसे मसले पर भाजपा स्वार्थपूर्ण राजनीति करती है, लेकिन समय आने पर इसे जुमला करार देती है। इस कथनी और करनी के बीच भाजपा की नीयत पर सवाल उठता है। यादव ने कहा कि जोगी की पार्टी का गौसेवक विभाग सही मायने मे गौसेवा के क्षेत्र मे संगठित होकर काम करेगा। पूरे प्रदेश मे गौसेना का निर्माण किया जाएगा तथा जिला व ब्लाक स्तर पर इकाई बनाई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें