शनिवार, 10 जून 2017

नेटवर्किंग कंपनी का फिर तेजी से फैल रहा जाल, एक कंपनी ने 11 जून को शारदा मंगलम में रखा है कार्यक्रम, भोलेभाले लोगों को झांसे में लेने की तैयारी

राजेंद्र राठौड़@जांजगीर-चांपा. चिटफंड कंपनियों में गरीब और मध्यमवर्गीय लोगों से लाखों-करोड़ों रुपए इन्वेस्ट करवाकर भूमिगत होने वाले ठगों के गिरेबान तक पुलिस के हाथ अभी पहुंच भी नहीं पाए हैं कि नेटवर्किंग कंपनी का जाल एक बार फिर जिले में तेजी से फैलने लगा है। एक कंपनी ने 11 जून को शहर के शारदा मंगलम में कार्यक्रम रखा है, जिसमें जिले भर से लोगों को आमंत्रित कर उन्हें अपने झांसे में लेने की तैयारी चल रही है। 

निमंत्रण कार्ड
चिटफंड कंपनियों की तरह नेटवर्किंग कंपनी का जाल जिले में एक बार फिर योजनाबद्ध तरीके से बुना जा रहा है। नेटवर्किंग कंपनियों के जाल में ऐसे लोगों को फंसने की तैयारी की जा रही है, जो गरीब और मध्यमवर्ग के हैं। इन वर्गों के लोगों को सुनहरा भविष्य, कम समय में अधिक आय अर्जित करने सहित कई तरह के लुभावने सब्जबाग दिखाकर झांसे में लेने की कवायद की जा रही है। ‘दैनिक नवीन कदम’ को प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय जांजगीर के शारदा मंगलम में एक ऐसी ही कंपनी ने रविवार 11 जून को सुबह 10 बजे से कार्यक्रम आयोजित की है। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कंपनी के कर्ता-धर्ता जोरशोर से जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में जिले भर के गरीब और मध्यमवर्गीय लोगों को आमंत्रित किया गया है। कंपनी से जुड़े कुछ लोगों ने बताया कि उनकी कंपनी चिटफंड की तरह नहीं है। उनकी कंपनी से जुडऩे वाले लोगों को कार्यक्रम के दौरान उनके भविष्य की योजना, भविष्य के सपने सहित अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए जरूरी टिप्स दिए जाएंगे। कार्यक्रम में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी सहित मोटिवेटर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनका यह भी दावा है कि कंपनी से जुडक़र लोग अपना भविष्य संवार सकते हैं।

👉 घर-घर जाकर बांट रहे कार्ड

शारदा मंगलम में 11 जून को आयोजित कार्यक्रम के लिए कंपनी से जुड़े लोग घर-घर जाकर निमंत्रण कार्ड बांट रहे हैं। कार्ड के बाहरी हिस्से में संबंधित व्यक्ति का नाम, कार्यक्रम स्थल और समय पेन से अंकित किया जा रहा है। कार्ड देते वक्त संबंधित व्यक्ति से बार-बार आग्रह किया जा रहा है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर अपने अन्य काम को छोडक़र उनके कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मिलित होंवे। कार्यक्रम की याद दिलवाने के लिए उन्हें 11 जून की सुबह मोबाइल पर कॉल करने की बात भी कही जा रही है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि अपने साथ यदि दो-चार लोगों को लाते बने तो और अच्छा होगा।

👉 कार्ड में कंपनी का नाम नहीं

नेटवर्किंग कंपनी द्वारा छपवाए गए निमंत्रण कार्ड में कहीं भी कंपनी और उनके अधिकारियों का नाम नहीं है। इससे प्रथम दृष्टया ही यह कंपनी फर्जी लग रही है। मजेदार बात यह है कि कंपनी के कार्ड को ऐसे लोग बांट रहे हैं, जो जिले के ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ मेलजोल रखते हैं। कार्ड बांटने वालों में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो अपने दोस्त, रिश्तेदार और परिचितों से इस कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह कर रहे हैं। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग कंपनी के सब्जबाग में फंसकर ठगी के शिकार हों।

तत्काल जानकारी लेता हूं

नेटवर्किंग कंपनी द्वारा 11 जून को शारदा मंगलम में कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी आपसे मिल रही है। इस कार्यक्रम के संबंध में तत्काल जानकारी लेता हूं। यदि कंपनी के कर्ताधर्ता जिले के भोलेभाले लोगों को ठगने के फिराक में है तो उन्हें मौके से ही उठवा लिया जाएगा। धोखाधड़ी करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

⇏पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें