जांजगीर-चांपा. कांग्रेस अपने कारनामों से गर्त में चली गई है। इस वजह से हमारी लड़ाई केवल भाजपा से है। चुनाव से पहले किसानों सहित अन्य के लिए किए गए वादों को भाजपा ने दरकिनार कर दिया। इसलिए जनता भाजपा की कार्यशैली से नाराज है। संगठन को मजबूत करने लगातार प्रकोष्ठों का गठन किया जा रहा है। वहीं आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकारिणी भी बनाई जाएगी। हमारी पार्टी प्रदेश में तीसरी शक्ति के रूप में उभरकर सामने आई है।
ये बातंे जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश महामंत्री इब्राहिम मेमन और एनएन सूर्यवंशी (पूर्व आईएएस) ने पत्रकारवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि एक साल पहले मरवाही के कोटमी मंे प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने हजारों लोगों की उपस्थिति में एक राजनैतिक दल बनाने का ऐलान किया था। इसे एक संकल्प के रूप में पारित कर कोटमी संकल्प का नाम दिया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और उनके मुखिया के भ्रष्टाचार से संतृप्त कुशासन को अंत करने के लिए उन्हीं के गृहक्षेत्र ठाठापुर में 21 जून 2016 को ऐतिहासिक जनसभा कर पार्टी का नामकरण किया गया। इस एक साल में एक सच्चा प्रतिनिधि बनकर जनता के पास गए और जनहित और सरकार विरोधी नीति के खिलाफ आवाज उठाई गई। उन्होंने कहा कि हमनें आउटसोर्सिंग, शराबबंदी, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, पोलावरम, कन्हेर, महानदी महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण, छग की नारी, नौकरी, नदी आदि कई मुद्दों पर बस्तर से सरगुजा तक सरकार के खिलाफ आंदोलन किया। उन्होंने कहा कि इस एक साल में हनमें जनजागरूकता का अहम काम किया है। प्रदेश का राजा तो खुद सोया रहा और विपक्ष केा थप्पी मारकर सुलाता रहा। ऐसे में हमनें दोनों को जगाने का काम किया। इस वजह से बदलाव सबके सामने है।
घर जाकर खा रहे खाना
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि एसी कमरों में बैठकर राज करने वाले दिखावे के लिए आज गरीब मजदूर के घर जाकर खाना खाने का नाटक कर रहे हैं। ये हमारा व प्रदेश के जागृत जनता का डर है, जो राष्टीय दलों को बेचैन कर रहा है। सत्ता हाथ से जाने का डर इनके चेहरों में दिख रहा है। छग की राजनीति परिवर्तन की ओर है। उन्होंने कहा कि धर्म व राम के नाम पर वोट मांगने वालों को जनता उखाड़ फेकेगी।
कौन दिलाएगा मुक्ति
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता देख रही है कि कौन रमन सरकार के कुशासन से उन्हें मुक्ति दिला सकता है। कौन आज प्रदेश में विपक्षा की भूमिका सही मायने में निभा सकता है। इस एक साल में पार्टी सुप्रीमो अजीत जोगी ने बस्तर से सरगुजा तक 300 से ज्यादा सभाएं लेकर धान का समर्थन मूल्य न मिलने के कारण आत्महत्या, बेरोजगारी, शराबखोरी से लोगों को मुक्ति दिलाने का भरोसा दिलाया।
शपथ-पत्र देंगे जोगी
उन्होंने कहा कि अजीत जोगी प्रदेश के ढाई करोड़ जनता को शपथ-पत्र स्टाम्प पेपर में देंगे। इसमें जोगी सरकार बनने के बाद सभी वर्ग के लोगों की आशाओं को पूर्ण करने का उल्लेख रहेगा। इसे घर-घर तक पहुंचाने 10 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता मोर्चा संभालेंगे। इस अभियान का प्रारंभ स्वयं जोगी राजनांदगांव विधानसभा जाकर करेंगे। जोगी स्वयं दस घर जाएंगे। देश के इतिहास में ऐसा कदम पहली बार उठाया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें