शुक्रवार, 9 जून 2017

भारतीय स्टेट बैंक के स्टेशन रोड ब्रांच में रामराज, बैंककर्मियों के खिलाफ मिल रही लगातार शिकायतें, खातेधारकों को नहीं मिल रही किसी तरह की सुविधा

जांजगीर-चांपा. ग्राहकों को बेहतर सुविधा देने का दावा करने वाला भारतीय स्टेट बैंक प्रबंधन सुविधा के नाम ग्राहकों की जेब तो काट रहा है, लेकिन ग्राहकों को किसी तरह की सुविधा नहीं दी जा रही है। भारतीय स्टेट बैंक के स्टेशन रोड जांजगीर ब्रांच में तो रामराज का आलम है। यहां पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी पूरी तरह से बेलगाम हो गए हैं। यही वजह है कि वे जब चाहे बैंक आते हैं और जब चाहे बैंक से चले जाते हैं। हद की बात तो यह भी है कि यहां खातेधारकों को किसी तरह की सुविधा नहीं दी जा रही है।

जिला मुख्यालय जांजगीर के स्टेशन रोड में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा संचालित है, जहां हजारों की संख्या में खाते संचालित हैं। यहां संचालित खातों के धारकों को किसी तरह की सुविधा नहीं मिल रही है। बताया जा रहा है कि इस बैंक में पिछले कई माह से कामकाज रामभरोसे चल रहा है। खातेधारकों ने बताया कि यहां पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी अपनी मर्जी से कामकाज करते हैं। बैंक में जहां कर्मचारियों की कमी बताकर भुगतान आदि में विलंब किया जाता है, वहीं चेक क्लीयरेंस, बाउंस सहित खातों से संबंधित जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं करवाया जाता। सिर्फ इतना ही नहीं, खातेधारकों को सभी कार्यों के लिए ग्रीन चैनल अथवा मुख्य ब्रांच का रास्ता दिखा दिया जाता है। कुछ खातेधारकों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से अपने बैंक संबंधी कामकाज के लिए बैंक का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका काम नहीं हो पा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें